- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Cricket news women world cup 2022 indw vs pakw india to start their campaign against pakistan mithali raj laud harmanpreet kaur 5270516
Women World Cup 2022: भारत का पाकिस्तान के खिलाफ मैच, Harmanpreet Kaur की फॉर्म पर बोलीं कप्तान Mithali Raj
महिला वर्ल्ड कप में भारत रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी. मैच से पहले कप्तान मिताली राज ने हरमनप्रीत कौर की तारीफ में कही यह बात...
Published On Mar 05, 2022, 05:17 PM IST
Last UpdatedMar 05, 2022, 05:17 PM IST
न्यूजीलैंड में खेले जा रहे महिला वर्ल्ड कप (Women World Cup 2022) में भारतीय टीम रविवार को अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान (INDw vs PAKw) के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी. इस वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम मैनेजमेंट अपनी स्टार बल्लेबाज हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) की फॉर्म को लेकर चिंतित था लेकिन पिछले कुछ मैचों से हरमन अब रंग में आती नजर आ रही हैं, जिस पर कप्तान मिताली राज (Mithali Raj) ने खुशी जताई है. उन्होंने कहा कि इस स्टार ऑलराउंडर का अनुभव मध्यक्रम के लिए काफी अहम है और वर्ल्ड कप से पहले उन्हें रन जुटाते हुए देखना अच्छा है.
पिछले कुछ समय से 32 साल की हरमनप्रीत ज्यादा रन नहीं बना पा रही थीं, लेकिन उन्होंने 5वें वनडे में न्यूजीलैंड के खिलाफ 63 रन की पारी खेली और फिर इसके बाद साउथ अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच में से एक में 104 रन की पारी खेलकर वर्ल्ड कप से पहले फॉर्म में वापसी की.
मिताली ने पाकिस्तान के खिलाफ शुरुआती मैच से पूर्व वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘यह महत्वपूर्ण है. वह (हरमनप्रीत) टीम की अहम सदस्यों में से एक है और उनका अनुभव मध्यक्रम में काफी मायने रखता है.’
https://twitter.com/BCCIWomen/status/1500066473888591874?s=20&t=51tK4dg8AHGzrmGKdAf6Wg
उन्होंने कहा, ‘वह पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ भी खेलती है क्योंकि वह बीच के ओवरों में बल्लेबाजी के लिए आती है और उसका खेल जिस तरह का है, उसके लिये फॉर्म में वापसी करना बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि हम शीर्ष क्रम में काफी रन जुटाने की कोशिश करेंगे. इसलिए टूर्नामेंट से पहले उसका रन जोड़ते हुए देखना अच्छा है.’
मिताली ने साथ ही कहा कि पाकिस्तान की टीम काफी अच्छी है और टीम उन्हें हल्के में नहीं लेगी. उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि पाकिस्तान की टीम भी बहुत अच्छी है और मुझे पूरा भरोसा है कि उन्होंने भी टूर्नामेंट के लिए काफी कड़ी तैयारी की है और हमने भी. यहां जितनी भी टीमें हैं, हम किसी भी टीम को हल्के में नहीं ले सकते. इसलिए हमें काफी ऊर्जा से भरकर और काफी आत्मविश्वास से प्रत्येक मैच खेलेंगे.’
भारतीय कप्तान ने यह भी कहा कि अनुभवी तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी का अनुभव भी टीम के लिए विश्व कप के दौरान मददगार होगा. उन्होंने कहा, ‘हम दोनों (मैं और झूलन) काफी समय से ड्रेसिंग रूम का हिस्सा रहे हैं. हम अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का लुत्फ उठाते हैं और हमने टीम को काफी जीत दर्ज करते और हारते देखा है. मुझे लगता है कि इस विश्व कप में खेलते हुए झूलन का टीम में होना शानदार है.’
उन्होंने कहा, ‘पिछले कुछ वर्षों में वह भारत की मुख्य गेंदबाज बन गई हैं और जब भी मैंने उन्हें गेंद थमाई है, उन्होंने हर बार शानदार प्रदर्शन किया है. उनका अनुभव टीम के लिए और युवा तेज गेंदबाजों के लिए हमेशा मददगार होगा.’
(इनपुट: भाषा)