- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Cricket news women world cup south african player shabnim ismail breaches icc code of conduct 5316608
Women world Cup 2022: साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी ने सेमीफाइनल में खोया आपा, ICC ने लगाई फटकार
महिला वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका की तेज गेंदबाज ने अपना आपा खोते हुए विपक्षी खिलाड़ी से अनुचित भाषा में बात की, जिसके चलते आईसीसी ने उन्हें फटकार लगाई है.
Published On Apr 02, 2022, 08:18 PM IST
Last UpdatedApr 02, 2022, 08:18 PM IST
बड़े मैचों के दबाव में अकसर खिलाड़ी गलती कर जाते हैं और वह अपने खेल के साथ-साथ जुबान पर भी संयम नहीं रख पाते. ऐसा ही कुछ आईसीसी महिला वर्ल्ड कप (ICC Women world Cup 2022) के दूसरे सेमीफाइनल में हुआ, जब इंग्लैंड के खिलाफ साउथ अफ्रीका की तेज गेंदबाज शब्निम इस्माइल ने उत्तेजित होकर इंग्लैंड की बल्लेबाज के साथ गलत भाषा का प्रयोग कर दिया, जिसके बाद आईसीसी ने इस संज्ञान लेते हुए इस खिलाड़ी को फटकार लगाई है.
आईसीसी की विज्ञप्ति के अनुसार शब्निम को खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहयोगी स्टाफ के लिए आईसीसी आचार संहिता के नियम 2.5 के उल्लंघन का दोषी पाया गया, जो ऐसी भाषा, भाव भंगिमा या इशारों का उपयोग करना है, जिससे अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान आउट होने पर बल्लेबाज की अपमानित या उत्तेजित होकर आक्रामक प्रतिक्रिया दे.
आईसीसी ने शनिवार को कहा, ‘इस्माइल के अुनशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया है, जो 24 महीने के समय में उनका पहला अपराध है.’ यह घटना इंग्लैंड की पारी की अंतिम गेंद पर हुई जब शब्निम ने बल्लेबाज सोफी एकलेस्टोन को आउट करने के बाद अनुचित भाषा का इस्तेमाल किया.
शब्निम ने अपराध और मैच रैफरी जीएस लक्ष्मी द्वारा प्रस्तावित सजा को स्वीकार कर लिया, जिससे औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी. मैदानी अंपायरों क्लेयर पोलोसेक और एलोसी शेरिडेन, तीसरी अंपायर जैकलिन विलियम्स और चौथे अंपायर लेंगटन रुसेरे ने आरोप लगाए.
लेवल एक के अपराध में न्यूनतम सजा आधिकारिक फटकार और अधिकतम सजा खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना तथा एक या दो डिमेरिट अंक है.