महिला वनडे रैंकिंग: Smriti Mandhana और Yastika Bhatia को बढ़त, Mithali Raj खिसकीं

यास्तिका भाटिया ने महिला वर्ल्ड कप में भारत के पिछले 2 मैचों में लगातार 2 फिफ्टी जमाई है, जबकि स्मृति मंधाना भी लगातार रन बना रही हैं.

Edited By : India.com Staff |Mar 23, 2022, 01:52 PM IST

Published On Mar 23, 2022, 01:52 PM IST

Last UpdatedMar 23, 2022, 01:52 PM IST

महिला वर्ल्ड कप (Women World Cup 2022) में शानदार फॉर्म में चल रहीं स्टार ओपनिंग बल्लेबाज स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) और यास्तिका भाटिया (Yastika Bhatia) को वनडे रैंकिंग में जबरदस्त उछाल मिला है. आईसीसी द्वारा जारी ताजा वनडे रैंकिंग में मंधाना 10वें, जबकि यास्तिका 39वें स्थान पर पहुंच गई हैं. हालांकि कप्तान मिताली राज (Mithali Raj) 8वें स्थान पर खिसक गई हैं.

न्यूजीलैंड में चल रहे आईसीसी महिला वर्ल्ड कप में भारत के पिछले तीन मैचों में 35, 10 और 30 रन की पारियां खेलने वालीं स्टार सलामी बल्लेबाज मंधाना एक स्थान ऊपर चढ़कर 663 की रेटिंग के साथ शीर्ष 10 में पहुंच गईं.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

भाटिया ने इस बीच प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिससे वह मंगलवार को जारी रैंकिंग में 8 पायदान ऊपर 39वें स्थान पर पहुंच गई हैं. बाएं हाथ की इस बल्लेबाज ने भारत के पिछले दो मैचों में आस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के खिलाफ अर्धशतक बनाए थे. पिछले दो सप्ताह में पांच स्थान खिसकने वाली मिताली एक और स्थान नीचे लुढ़क गई है और अब न्यूजीलैंड की एमी सैटरथवेट के साथ संयुक्त आठवें स्थान पर हैं.

भारतीय कप्तान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 68 रन बनाकर फॉर्म में वापसी के संकेत दिए लेकिन मंगलवार को बांग्लादेश पर भारत की 110 रन की जीत के दौरान वह खाता भी नहीं खोल सकी. ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हीली (730 अंक) अब भी एकदिवसीय बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर हैं, लेकिन उन्हें अपनी साथी खिलाड़ियों से ही चुनौती मिल रही है.

बेथ मूनी 725 रेटिंग अंक के साथ दो पायदान ऊपर दूसरे स्थान पर पहुंच गई है. उनके अलावा मेग लैनिंग (715) और राचेल हेन्स (712) भी क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर पहुंच गईं हैं. दक्षिण अफ्रीका की लौरा वोलवार्ट दो पायदान आगे तीसरे नंबर पर काबिज हो गईं हैं.

गेंदबाजों की सूची में भारत की तेज गेंदबाज पूजा वस्त्राकर 13 पायदान ऊपर चढ़कर 56वें ​​स्थान पर पहुंच गईं हैं, जबकि अनुभवी झूलन गोस्वामी एक पायदान नीचे सातवें स्थान पर खिसक गईं हैं.

गोस्वामी हालांकि अपनी बल्लेबाजी के दम पर ऑलराउंडरों की सूची में नौवें स्थान पर पहुंच गईं हैं, जबकि पिछले दो मैचों में नहीं खेलने वाली दीप्ति शर्मा दो पायदान नीचे 7वें स्थान पर खिसक गईं हैं.

गेंदबाजों की सूची में इंग्लैंड की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन (773 अंक) शीर्ष पर काबिज हैं, जबकि उनकी साथी जेस जोनासेन (726) दूसरे स्थान पर है. साउथ अफ्रीका की तेज गेंदबाज शबनीम इस्माइल, मारिजाने कैप और अयाबोंगा खाका क्रमश: चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर हैं.

(इनपुट: भाषा)

Editor's Pick