Year Ender 2021: इस साल अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में कुल 14 हैट्रिक, ODI में लगातार दूसरे साल फैंस मायूस

साल 2021 में टी20 फॉर्मेट से सबसे अधिक हैट्रिक देखने को मिला. टी20 में 13 गेंदबाजों ने लगातार तीन गेंदों पर विकेट निकाले, जबकि टेस्ट में सिर्फ केशव महाराज यह कारनामा कर सके. वनडे फॉर्मेट में इस वर्ष कोई भी गेंदबाज हैट्रिक नहीं निकाल सका.

Edited By : India.com Staff |Dec 10, 2021, 04:03 PM IST

Published On Dec 10, 2021, 04:03 PM IST

Last UpdatedDec 10, 2021, 04:03 PM IST

Year Ender 2021: साल 2021 में भले ही कोरोना के चलते कुछ हद तक अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट प्रभावित हुआ, लेकिन इस पूरे वर्ष सर्वाधिक हैट्रिक देखने को मिलीं. जहां एक तरफ 13 हैट्रिक टी20 फॉर्मेट से आईं, तो एक हैट्रिक टेस्ट से भी रही. हालांकि वनडे फॉर्मेट में इस साल भी कोई गेंदबाज यह कारनामा नहीं कर सका. एकदिवसीय क्रिकेट में 18 दिसंबर 2019 को कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) ने अंतिम हैट्रिक झटकी थी, जिसके बाद से कोई भी गेंदबाज 50 ओवरों के इस प्रारूप में यह कारनामा नहीं कर सका है.

टी20 क्रिकेट में एसोसिएट देशों के गेंदबाजों का जलवा रहा. इस वर्ष हैट्रिक का सिलसिला 3 मार्च से शुरू हुआ, जब श्रीलंकाई गेंदबाज अकिला धनंजय (Akila Dananjaya) ने वेस्टइंडीज के खिलाफ लगातार तीन गेंदों पर इविन लुइस, क्रिस गेल और निकलस पूरन को आउट किया.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

अक्टूबर माह में 6 हैट्रिक देखने को मिली. आयरलैंड के गेंदबाज कर्टिस कैंफर (Curtis Campher) ने टी20 विश्व कप (T20 World Cup 2021) में नीदरलैंड के खिलाफ 10वें ओवर की लगातार चार गेंदों पर विकेट चटकाए. इस साल ऐसा एकमात्र बार हुआ, जब किसी बॉलर ने लगातार चार बॉल पर सफलता हासिल की.

टी20 विश्व कप बेहद खास रहा. एक तरफ न्यूजीलैंड ने पहली बार फाइनल में जगह बनाई. वहीं दूसरी ओर इस वर्ल्ड कप कर्टिस कैंफर, वानिंदु हसरंगा (Wanindu Hasaranga) और कगिसो रबाडा (Kagiso Rabada) ने हैट्रिक झटकी. इस साल श्रीलंका और साउथ अफ्रीका के 2-2 बॉलर ने हैट्रिक चटकाने में सफलता पाई. इनके अलावा माल्टा, बेल्जियम, ऑस्ट्रेलिया, केन्या, घाना, आयरलैंड, जर्मनी, युगांडा, नाइजीरिया, अर्जेंटीना के बॉलर ने अपनी चमक बिखेरी.

अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले गेंदबाज (साल 2021)

खिलाड़ी मैच फॉर्मेट दिनांक
अकिला धनंजय श्रीलंका बनाम वेस्टइंडीज टी20 3 मार्च 2021
केशव महाराज साउथ अफ्रीका बनाम वेस्टइंडीज टेस्ट 18-21 जून 2021
वसीम अब्बास माल्टा बनाम बेल्जियम टी20 8 जुलाई 2021
शिराज शेख बेल्जियम बनाम माल्टा टी20 9 जुलाई 2021
नाथन एलिस ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश टी20 6 अगस्त 2021
एलिजा ओटिएनो केन्या बनाम युगांडा टी20 17 सितंबर 2021
कोफी बागबेना घाना बनाम सेशल्स टी20 16 अक्टूबर 2021
कर्टिस कैंफर आयरलैंड बनाम नीदरलैंड टी20 18 अक्टूबर 2021
डायलन ब्लिग्नॉट जर्मनी बनाम इटली टी20 21 अक्टूबर 2021
दिनेश नाकरानी युगांडा बनाम सेशल्स टी20 22 अक्टूबर 2021
पीटर अहो नाइजीरिया बनाम सिएरा लियोन टी20 24 अक्टूबर 2021
वानिंदु हसरंगा श्रीलंका बनाम साउथ अफ्रीका टी20 30 अक्टूबर 2021
कगिसो रबाडा साउथ अफ्रीका बनाम इंग्लैंड टी20 6 नवंबर 2021
हर्नान फेनेल अर्जेंटीना बनाम पनामा टी20 10 नवंबर 2021

साल 2021 के दौरान टेस्ट फॉर्मेट में स्पिनर केशव महाराज (Keshav Maharaj) हैट्रिक लेने वाले एकमात्र गेंदबाज रहे. केशव महाराज ने 18-21 जून के बीच खेले गए मुकाबले में वेस्टइंडीज की दूसरी पारी में काइरन पॉवेल, जेसन होल्डर और जोशुआ डि सिल्वा को आउट किया.

Editor's Pick