Advertisement
विश्व कप: न्यूजीलैंड की दमदार शुरुआत, श्रीलंका को 10 विकेट से हराया
श्रीलंका के खिलाफ 137 रन का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने बिना कोई विकेट खोए 16.1 ओवर में लक्ष्य हासिल किया।
न्यूजीलैंड की टीम ने आईसीसी विश्व कप में 10 विकेट की धमाकेदार जीत के साथ शुरुआत की है। श्रीलंका के खिलाफ महज 137 रन का पीछा करने उतरी कीवी टीम ने बिना कोई विकेट खोए 16.1 ओवर में लक्ष्य हासिल किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की टीम 29.2 ओवर में महज 136 रन पर ही ऑलआउट हो गई थी।
मार्टिन गुप्टिल और कॉलिन मुनरो की शानदार अर्धशतकीय पारी के दम पर न्यूजीलैंड ने श्रीलंका के खिलाफ 10 विकेट की आसान जीत हासिल की। गुप्टिल ने 51 गेंद पर 73 जबकि मुनरो ने 47 गेंद पर 58 रन की नाबाद पारी खेली।
न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रीलंका की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही नाकाम रही। पहले लोकी फुर्ग्यूसन और मैट हेनरी की शानदार गेंदबाजी के आगे टीम महज 136 रन पर ढेर हो गई। छोटे से स्कोर का बचाव करने उतरी टीम की गेंदबाजी भी बेअसर नजर आई।
मुनरो और गुप्टिल की जोड़ी ने न्यूजीलैंड के लिए शानदार शुरुआत की और 42 गेंद पर टीम के स्कोर को 50 रन तक पहुंचाया। पहले पावर प्ले में दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर 77 रन जोड़े।
गुप्टिल ने 39 गेंद पर 6 चौके और 1 छक्के की मदद से अपनी हाफ सेंचुरी पूरी की। दूसरी छोर पर बल्लेबाजी कर रहे मुनरो ने 41 गेंद पर 5 चौके और 1 छक्का जमाते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया।
इससे पहले न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। न्यूजीलैंड की बेहतरीन गेंदबाजी के आगे श्रीलंका की पूरी टीम 29.2 ओवर ही बल्लेबाजी कर पाई और 136 रन के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। कप्तान दिमुथ करुणारत्ने ने सबसे ज्यादा नाबाद 52 रन की पारी खेली।
न्यूजीलैंड के लिए फर्ग्यूसन और हेनरी ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। फर्ग्यूसन ने 6.2 ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट झटके जबकि हेनरी ने 7 ओवर में 29 रन खर्च कर 3 बल्लेबाजों को आउट किया।
ट्रेंट बोल्ट, ग्रैंडहोम, नीशम और मिशेल सैंटनर ने एक-एक विकेट लिए।
COMMENTS