- क्रिकेट न्यूज़
- News
- CSA T20 Global league broadcast deal not finalised yet
साउथ अफ्रीका की टी20 ग्लोबल लीग को नहीं मिला ब्रॉडकास्टर, बढ़ी मुश्किलें
टी20 ग्लोबल टूर्नामेंट 3 नवंबर को लॉन्च होना है।
Published On Oct 06, 2017, 05:52 PM IST
Last UpdatedOct 06, 2017, 05:52 PM IST

साउथ अफ्रीका की टी20 लीग को शुरू होने में अभी एक महीने का वक्त बचा है लेकिन अभी से इस लीग को लेकर एक बुरी खबर आ गई है। क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने शुक्रवार को कहा कि पहले दो सीजन में टूर्नामेंट को घाटा होगा। क्योंकि अभी तक टूर्नामेंट के लिए कोई भी ब्रॉडकास्ट डील साइन नहीं की जा सकी है। क्रिकेट साउथ अफ्रीका के वाइस प्रेसीडेंट और कार्यकारी चीफ एक्जीक्यूटिव थाबांग मोरोए ने कहा कि इस क्षेत्र में डील 70 से 80 मिलियन यूएस डॉलर की मांगी गई थी। लेकिन सीएसए ने यह डील 25 मिलियन यूएस डॉलर होने की उम्मीद की थी। इसलिए आठ फ्रेंचाइजी के मालिक पहले सीजन में 1.5 मिलियन यूएस डॉलर का घाटा सहेंगे।
सीएसए के प्रेसीडेंट क्रिस नेजनानी और मोरोए ने पहली बार हारुन लोरगट के इस्तीफे के बाद मीडिया से बातचीत की। मीडिया में चलीं खबरों के मुताबिक लोरगट की लीग से बातचीत को लेकर बोर्ड ने नाखुशी जताई थी। नेजनानी ने कहा, “हम भरसक कोशिश कर रहे हैं कि ग्लोबल टी20 लीग 3 नवंबर को लॉन्च हो। सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा है कि हमें ब्रॉडकास्ट डील मिल जाए।”
इस लीग को भारत की इंडियन प्रीमियर लीग और ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग के अंदाज में प्लान किया गया है। आठ में से सात टीमों के मालिक विदेशी हैं, जो ज्यादातर एशियाई उपमहाद्वीप से हैं। इस लीग में कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर हिस्सा लेंगे। मोरोए ने बताया कि जो भी समस्याएं आ रही हैं उसके बारे में टीम के मालिकों को बता दिया गया है। उन्होंने कहा, “वे सभी लीग में बने रहने के लिए तैयार हैं और मालिक इस बात को स्वीकार करने को तैयार हैं कि पहले दो सालों में घाटा उठाना पड़ेगा” [ये भी पढ़ें: टी20 सीरीज में ऑस्ट्रेलिया को हराकर पाकिस्तान से जीतेगी टीम इंडिया!]
मोरोए ने ये भी बताया कि टाइटल स्पॉन्सरशिप के लिए भी बातचीत चल रही है लेकिन ये भी स्वीकार किया कि अभी सबकुछ ब्रॉडकास्टिंग डील पर टिका हुआ है।