×

CSK को बड़ा झटका, IPL 2022 के पहले हफ्ते से बाहर हुए रुतुराज गायकवाड़, दीपक चाहर

इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का पहला मैच चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच 26 मार्च को खेला जाना है

user-circle cricketcountry.com Written by India.com Staff
Last Published on - March 15, 2022 5:23 PM IST

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2022) के 15वें सीजन की शुरू होने के पहले चार बार की चैंपियन टीम चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को बड़ा झटका लगा है क्योंकि टीम के दो स्टार भारतीय खिलाड़ी रुतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) और दीपक चाहर (Deepak Chahar) टूर्नामेंट के पहले हफ्ते से बाहर हो सकते हैं. इन दोनों भारतीय खिलाड़ियों के साथ साथ दक्षिण अफ्रीकी ऑलराउंडर ड्वेन प्रिटोरियस (Dwaine Pretorius) भी आईपीएल 2022 के शुरूआती मैचों का हिस्सा नहीं होंगे.

सीएसके के दोनों खिलाड़ियों गायकवाड़ और चाहर की उपलब्धता पर अभी कोई अपडेट नहीं है. श्रीलंका के खिलाफ पहले T20I से पहले गायकवाड़ के हाथ में चोट लग गई, जबकि चाहर को वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे T20I में दाएं हाथ में चोट लग गई थी.

सलामी बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ और तेज गेंदबाज दीपक चाहर पहले ही अलग-अलग इंजरी की वजह से आईपीएल 2022 के पहले हफ्ते से बाहर थे और अब, दक्षिण अफ्रीका के ड्वेन प्रिटोरियस भी चोटिल खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए हैं.

चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन के दौरान ड्वेन प्रिटोरियस को 50 लाख रुपये में खरीदा था. जिसके बाद क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने बांग्लादेश के खिलाफ चुने गए वनडे स्क्वाड में प्रिटोरियस को शामिल किया.

बांग्लादेश-दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज 23 मार्च को खत्म होनी है, जबकि 15वें सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स को अपना पहला मैच 26 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेला जाना है. ऐसे में तीन दिन के अनिवार्य क्वारेंटीन को ध्यान में रखते हुए प्रिटोरियस ओपनिंग मैच का हिस्सा नहीं बन सकेंगे.

वहीं अगर सीएसए ने प्रिटोरियस को बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के स्क्वाड में चुन लिया तो वो सीएसके के पहले चार मैच मिस कर सकते हैं.