- Home
- News
- CSK Bowler Anshul Kamboj Got A Unwanted Record on His Name In Match Against Lucknow Super Giants
IPL 2026: अंशुल कम्बोज जल्द ही भूलना चाहेंगे यह मैच, CSK के पेसर के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड
अंशुल कम्बोज चेन्नई सुपर किंग्स के पेसर हैं. लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबले में उनके नाम शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया. इस मैच में चेन्नई को हार मिली और प्लेऑफ में पहुंचने की उसकी उम्मीदों को तगड़ा झटका लगा.
Published On May 16, 2026, 11:08 AM IST
Last UpdatedMay 16, 2026, 11:08 AM IST
अंशुल कम्बोज के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड
लखनऊ: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 59वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. चेन्नई के गेंदबाज अंशुल कंबोज इस मुकाबले में काफी महंगे साबित हुए और उन्होंने 2.4 ओवर के स्पेल में बिना कोई विकेट चटकाए 63 रन दिए.
अंशुल के खिलाफ एलएसजी की पारी के 17वें ओवर में निकोलस पूरन ने लगातार चार छक्के लगाते हुए टीम को जीत दिलाई. आईपीएल में दूसरा मौका है, जब अंशुल के एक ही ओवर में 4 छक्के लगे हैं. वह आईपीएल इतिहास के पहले ऐसे गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने दो बार एक ओवर में 4 छक्के खाए हैं. इसके साथ ही अंशुल ने चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से आईपीएल में दूसरा सबसे महंगा स्पेल फेंका.
अंशुल के खिलाफ एलएसजी के बल्लेबाजों ने कुल 8 छक्के लगाए. अंशुल आईपीएल की एक पारी में सर्वाधिक छक्के खाने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में संयुक्त रूप से पहले नंबर पर पहुंच गए हैं. उनसे पहले यह शर्मनाक रिकॉर्ड यश दयाल के नाम दर्ज है, जिनके खिलाफ कोलकाता नाइट राइडर्स के बल्लेबाजों ने साल 2023 में खेले गए मुकाबले में 8 छक्के लगाए थे. सीएसके के तेज गेंदबाज अंशुल आईपीएल में तीन या उससे कम ओवर फेंकने के बावजूद 60 से अधिक रन खर्च करने वाले महज दूसरे गेंदबाज हैं. इससे पहले, खलील अहमद ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ बिना कोई विकेट चटकाए 65 रन दिए थे.
भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में सीएसके ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 187 रन लगाए. टीम की ओर से कार्तिक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 71 रनों की दमदार पारी खेली. अपनी इस पारी में कार्तिक ने 6 चौके और 5 छक्के लगाए.
वहीं, शिवम दुबे ने 16 गेंदों में नाबाद 32 रन बनाए. हालांकि, मिचेल मार्श द्वारा खेली गई 38 गेंदों में 90 रनों की तूफानी पारी के बूते एलएसजी ने 188 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 16.4 ओवर में 3 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया. मार्श ने अपनी पारी में 236 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 9 चौके और 7 छक्के लगाए. वहीं, निकोलस पूरन 17 गेंदों में 32 रन बनाकर नाबाद रहे.