'डोसा, इडली, सांभर, चटनी' गाना पर बवाल, CSK ने बताया अपमान, BCCI से की शिकायत
CSK के सीईओ ने कहा, डीजे को विरोधी खिलाड़ियों पर कमेंट नहीं करना चाहिए, हम खुशकिस्मत हैं कि हमारे पास एक प्यारा फैनबेस है जो बड़ी संख्या में हमारा समर्थन करता है.
Published On Apr 16, 2026, 02:46 PM IST
Last UpdatedApr 16, 2026, 02:46 PM IST
RCB VS CSK Match controversy
CSK lodge complaint to BCCI against RCB: आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स की टीम पांच अप्रैल को मुकाबला खेला गया था, जिसमें आरसीबी की टीम ने बाजी मारी थी. इस मैच के दौरान डीजे की तरफ से बजाए गए गानों को लेकर चेन्नई सुपरकिंग्स नाराज है. चेन्नई सुपरकिंग्स ने इसे अपना अपमान बताया है और बीसीसीआई से इसकी शिकायत की है. दोनों टीमों के बीच लीग स्टेज में एक ही मैच खेले जाने हैं.
बता दें कि मैच के दौरान स्टेडियम के डीजे ने ‘डोसा, इडली, सांभर, चटनी’ गाना बजाया. सीएसके के मुताबिक, सोशल मीडिया पर लोकप्रिय इस गाने का मैच के दौरान इस्तेमाल किए जाने का समय और संदर्भ गलत था. आईपीएल के एक शीर्ष अधिकारी ने भी यह बताया कि गवर्निंग काउंसिल को सीएसके से शिकायत मिली है और वह इसकी जांच कर रही है.
हमारे खिलाड़ियों के खिलाफ कुछ टिप्पणी की गई: काशी विश्वनाथन
सीएसके के सीईओ काशी विश्वनाथन ने भी इस बात की पुष्टि की और कहा कि शिकायत में मैच के दौरान चेन्नई के खिलाड़ियों के बारे में कथित तौर पर किए गए कुछ कमेंट्स पर चिंता शामिल थी. उन्होंने कहा, डीजे आमतौर पर घरेलू टीम का समर्थन करने के लिए होते हैं, लेकिन चिन्नास्वामी स्टेडियम में, यह अलग था, हमारे खिलाड़ियों के खिलाफ कुछ टिप्पणी की गई थी, इसे देखते हुए, हमने बीसीसीआई को इसकी जांच करने के लिए लिखा है.
विश्वनाथन ने आगे कहा कि जितेश से जुड़े पहले के मामले के बाद, 5 अप्रैल के गेम तक ऐसी कोई घटना नहीं हुई थी. उन्होंने कहा, वैसी घटना फिर नहीं घटी थी, डीजे को विरोधी खिलाड़ियों पर कमेंट नहीं करना चाहिए, हम खुशकिस्मत हैं कि हमारे पास एक प्यारा फैनबेस है जो बड़ी संख्या में हमारा समर्थन करता है.
डीजे की तरफ से टिप्पणी की गई जो गलत है: सीएसके अधिकारी
वहीं सीएसके के एक अधिकारी ने कहा, हमारे कुछ खिलाड़ियों का विकेट गिरने के बाद डीजे की तरफ से टिप्पणी की गई जो गलत है, भीड़ को जोड़ने में डीजे की अहम भूमिका होती है, लेकिन विरोधी खिलाड़ियों को टारगेट करना फ्रेंचाइजी को ठीक नहीं लगा, हम अपने विरोधियों को कम आंकने या उनका अपमान करने के लिए वहां नहीं हैं.
2025 से जुड़ी है इसकी कहानी
यह गाना पिछले साल यानि 2025 में तब वायरल हुआ था जब जितेश शर्मा इसे गाते हुए देखे गए थे, जिसके बाद उन्हें सीएसके फैंस की ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था, हालांकि, चेन्नई फ्रेंचाइजी ने उस समय दखल दिया था ताकि यह पक्का किया जा सके कि विरोधी खिलाड़ियों पर ऐसी कोई बात न की जाए.