- क्रिकेट न्यूज़
- News
- CTTC 2026 Indian men and womens team qualify for final
CTTC 2026: भारत की पुरुष और महिला दोनों टीम का बोलबाला, फाइनल में की ग्रैंड एंट्री
कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप टूर्नामेंट में भारत के पुरुष और महिला दोनों टीम ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल में अपनी धमाकेदार एंट्री कर ली है.
Published On Jul 30, 2026, 05:42 PM IST
Last UpdatedJul 30, 2026, 05:42 PM IST
कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है. अपनी मेजबानी में दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में खेल रही भारतीय पुरुष और महिला दोनों टीमों ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को पछाड़कर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी है. अब भारत की पुरुष और महिला दोनों टीमों की खिताबी भिड़ंत मलेशिया से होगी.
पुरुष टीम का शानदार प्रदर्शन
भारतीय पुरुष टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को 3-0 से करारी शिकस्त दी। मानुष शाह ने कॉनर ग्रीन को हराकर भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई. इसके बाद अपनी बाईं आंख के ऊपर 13 टांके लगे होने के बावजूद मानव ठक्कर ने कोर्ट पर उतरकर साहस का एक अलग परिचय दिया. ठक्कर ने जज्बा दिखाते हुए जोसेफ हंटर को सीधे सेटों में शिकस्त दी. अंत में अनुभवी हरमीत देसाई ने बेंजामिन पिगॉट को आसानी से हराकर भारत की फाइनल में जगह पक्की कर दी. भारत के शानदार खेल का अंदाज आप इसी बात से लगा सकते हैं कि इस टूर्नामेंट में टीम एक भी मुकाबला नहीं हारी है.
रोमांचक मुकाबले में महिला टीम ने मारी बाजी
महिला वर्ग के सेमीफाइनल में भारत को इंग्लैंड से कड़ी टक्कर मिली, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने अपना संयम बनाए रखते हुए 3-1 से मैच अपने नाम किया. स्टार खिलाड़ी श्रीजा अकुला ने जैस्मिन वोंग को हराकर भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई, हालांकि अगले ही मैच में इंग्लैंड की टिन-टिन हो ने यशस्विनी घोरपड़े को हराकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया.
इसके बाद सिंड्रेला दास ने दबाव के बीच ऐना ग्रीन को हराकर भारत को एक बार फिर आगे कर दिया. चौथे और सबसे रोमांचक मुकाबले में श्रीजा अकुला का सामना फिर से टिन-टिन हो से हुआ. 5 गेम तक चले इस कांटे के मैच में श्रीजा ने शानदार खेल दिखाते हुए भारत की जीत पर मुहर लगा दी.
अब तक का शानदार सफर
भारतीय पुरुष टीम की तरह महिला टीम का भी इस पूरे टूर्नामेंट में प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा है। टीम ने अपने अभियान की शुरुआत मालदीव और श्रीलंका को हराकर की थी. इसके बाद टीम ने ऑस्ट्रेलिया और फिर इंग्लैंड को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली.