- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Dale Steyn: I would love to win a World Cup for South Africa
दक्षिण अफ्रीका के लिए विश्व कप जीतना चाहते हैं डेल स्टेन
स्टेन दक्षिण अफ्रीका के सबसे सफल टेस्ट गेंदबाज बनने से एक विकेट दूर हैं।
Published On Sep 06, 2018, 04:28 PM IST
Last UpdatedSep 06, 2018, 04:28 PM IST
Dale Styen © Getty Images
अपने देश के लिए विश्व कप जीतना हर क्रिकेटर का सपना होता है। ये एक ऐसी उपलब्धि है जिसे हासिल करना हर टीम का लक्ष्य होता है। दक्षिण अफ्रीका टीम के तेज गेंदबाज डेल स्टेन भी अपनी टीम के लिए विश्व कप जीतने की ख्वाहिश रखते हैं।
पिछले कुछ समय चोटों से जूझ रहे स्टेन फिलहाल फिट हैं और घरेलू क्रिकेट में सक्रिय हैं। इस दौरान बीसीसीआई टीवी से बात करते हुए स्टेन ने कहा, “मुझे लगता है कि अगर आप किसी भी खिलाड़ी से पूछेंगे तो वो कहेंगे कि वो विश्व कप जीतना चाहते हैं। मेरा सोचना है कि इसी के दम पर आपको आंका जाता है। आप चाहे जितने टेस्ट विकेट ले लें लेकिन अगर आपने विश्व कप नहीं जीता है तो ये एक ऐसी चीज है जिसके बारे में लोग बढ़ चढ़कर बोलते हैं, जिस उपलब्धि को बहुत लोगों ने हासिल नहीं किया है।”
स्टेन ने आगे कहा, “मैं भी अपने घर में इनमें से एक मेडल रखना चाहूंगा। मैं भी चाहूंगा कि मैं किसी बार या रेस्ट्रां में जाउं और कह सकूं कि मैने ये हासिल किया है, ये शानदार होगा।” दक्षिण अफ्रीका के लिए 88 टेस्ट और 116 वनडे खेल चुके स्टेन का मानना है कि उनके पास अपनी टीम को देने के लिए अभी बहुत कुछ बाकी है।
उन्होंने आगे कहा, “फिलहाल मैं खेल पर ध्यान देना चाहता हूं। मेरे पास अभी काफी कुछ बाकी है। मैं केवल 35 साल का हूं, कई लोग कहेंगे कि 35 साल की उम्र ज्यादा होती है लेकिन मैं 35 साल का हूं, 23 की तरह खेल रहा हूं। मैं काफी फिट हूं। हां मेरा कंधा दो साल से टूटा हुआ है और मैं इसे लेकर कुछ नहीं कर सकता। कोई भी अगर मोटरसाइकिल से गिरा होगा तो वो आपको बता सकता है कि इस तरह की चोट से वापस आना कितना मुश्किल होता है। मैं अभी और खेलना चाहता हूं लेकिन ये कहना बहुत बचकाना होगा कि मैं कुछ नहीं करूंगा। मैने अपने पूरी जिंदगी क्रिकेट खेला है, तेज गेंदबाजी में लगभग पीएचडी कर ली है और अपना योगदान ना देना बेवकूफी होगी।”