डैरेन सैमी ने कहा- इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान मुझ पर नस्लीय टिप्पणी की गई

पूर्व वेस्टइंडीज कप्तान डैरेन सैमी का कहना है कि सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते समय उनके खिलाफ नस्लीय टिप्पणियां की गई थी।

Edited By : India.com Staff |Jun 07, 2020, 12:59 PM IST

Published On Jun 07, 2020, 12:59 PM IST

Last UpdatedJun 07, 2020, 12:59 PM IST

अमेरिका में अफ्रीकी मूल के जार्ज फ्लॉयड की हत्या के बाद दुनिया भर में चल रहे ‘ब्लैक लाइव्स मैटर’ अभियान के बाद नस्लीय भेदभाव का मुद्दा एक बार फिर गर्म है। इसी दौरान वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान डैरेन सेमी (Darren Sammy) ने आरोप लगाए हैं इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) टीम की तरफ से खेलते समय उनके और श्रीलंका के थिसारा परेरा के खिलाफ नस्लीय टिप्पणियां की गई थी। हालांकि तब उन्हें उन टिप्पणियों का मतलब समझ नहीं आया था लेकिन अब उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए इसके खिलाफ आवाज उठाई है।

पूर्व कप्तान ने शनिवार को अपने इंस्टाग्राम पेज पर लिखा, ‘‘मुझे अभी पता चला है कि ‘कालू’ का मतलब क्या होता है। जब मैं आईपीएल में सनराइजर्स के लिए खेलता था तो वे मुझे और (तिसारा) परेरा को इस नाम से बुलाते थे। मुझे लगता था कि इसका मतलब मजबूत इंसान से है। मेरी पिछली पोस्ट से मुझे कुल अलग बात पता चली और मैं गुस्से में हूं।’’

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि उनके खिलाफ कब और किसने ये टिप्पणी की थी। सैमी ने पिछले दिनों अपने एक ट्वीट के जरिए आईसीसी से नस्लवाद के खिलाफ आवाज उठाने का निवेदन किया था। क्योंकि उनका मानना है कि अगर आप इस मुद्दे पर आवाज नहीं उठाते हैं तो आप भी समस्या का हिस्सा हैं।

उन्होंने लिखा था, ‘‘आईसीसी और अन्य बोर्ड क्या आपको नहीं दिख रहा है कि मुझ जैसे लोगों के साथ क्या हो रहा है। क्या आप मुझ जैसे लोगों के खिलाफ हो रहे सामाजिक अन्याय के खिलाफ नहीं बोलने वाले हो। ये केवल अमेरिका से जुड़ा मसला नहीं है।’’

सैमी ने वेस्टइंडीज की तरफ से 38 टेस्ट, 126 वनडे और 68 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। उनकी अगुवाई में वेस्टइंडीज ने दो बार टी20 विश्व कप का खिताब जीता।

अमेरिका के मिनियापोलिस में 25 मई को 46 साल के फ्लॉयड की एक श्वेत पुलिस अधिकारी डेरेक चौविन द्वारा लगभग नौ मिनट तक घुटने से गला दबा देने के कारण मौत हो गई थी। इसके बाद से ही अमेरिका में ‘ब्लैक लाइव्स मैटर’ अभियान ने जोर पकड़ा।

Editor's Pick