DDCA चयनकर्ता पर हमला करने के आरोपी खिलाड़ी पर लगा आजीवन प्रतिबंध
अंडर-23 टीम में नहीं चुने जाने पर अनुज नामक खिलाड़ी ने हमला कराया था।
Published On Feb 13, 2019, 07:52 PM IST
Last UpdatedFeb 13, 2019, 07:52 PM IST
Amit Bhandari (File Photo) @ AFP
भारत के पूर्व तेज गेंदबाज और दिल्ली के मुख्य चयनकर्ता अमित भंडारी (Amit Bhandari) पर हमला करने वाले दागी क्रिकेटर अनुज ढांढा पर राज्य संघ ने बुधवार को आजीवन प्रतिबंध लगा दिया।
अंडर-23 टीम में नहीं चुने जाने पर अनुज ने अपने साथियों के साथ सीनियर और अंडर-23 चयनसमिति के अध्यक्ष भंडारी पर सेंट स्टीफन्स मैदान पर सोमवार को तब हमला किया था जब वो सीनियर टीम का अभ्यास मैच देख रहे थे।
पुलिस ने बाद में अनुज को गिरफ्तार कर लिया और वो अभी पुलिस हिरासत में है। दिल्ली के पूर्व कप्तान और डीडीसीए की शीर्ष परिषद के सदस्य गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) ने डीडीसीए अध्यक्ष रजत शर्मा (Rajat Sharma) और अन्य चयनकर्ताओं के साथ बैठक के दौरान अनुज पर आजीवन प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव रखा।
पढ़ें:- ‘राजनीतिक स्थिति बेहतर होने तक पाकिस्तान से नहीं खेलेगा भारत’
डीडीसीए अध्यक्ष रजत शर्मा ने पीटीआई से कहा, ‘‘अनुज पर आजीवन प्रतिबंध लगाया गया है। इस बारे में फैसला एक बैठक में किया गया जिसमें चयनकर्ताओं और गौतम गंभीर ने भी हिस्सा लिया जो कि शीर्ष परिषद के सदस्य हैं। हम आम सभा की बैठक में इस सिफारिश को मंजूरी देंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसके बाद अब अनुज को किसी क्लबस्तरीय मैच या डीडीसीए से मान्यता प्राप्त किसी टूर्नामेंट में खेलने की अनुमति नहीं मिलेगी।’’ शर्मा ने कहा, ‘‘वो गौतम थे जिन्होंने आजीवन प्रतिबंध लगाने का सुझाव दिया। इसके अलावा उन्होंने सुझाव दिया कि अब से किसी खिलाड़ी के माता पिता, रिश्तेदारों या दोस्तों को ट्रायल देखने की अनुमति नहीं मिलनी चाहिए। केवल खिलाड़ियों चाहे वो अंडर-14 हो या अंडर-16, उसी को स्टेडियम परिसर में घुसने की अनुमति मिलेगी।’’
पढ़ें:- सरफराज के बाद अब फखर जमां ने दी द. अफ्रीकी गेंदबाज को ‘गाली’
अनुज उन संभावित खिलाड़ियों में शामिल था जिन्हें राष्ट्रीय अंडर-23 एकदिवसीय प्रतियोगिता के लिये चुना गया था। उसका मुख्य टीम में चयन नहीं हो पाया जिससे वह खफा हो गया था।
उसने अपने साथियों के साथ मिलकर भंडारी पर हॉकी स्टिक, क्रिकेट बैट, लोहे की छड़ी से हमला किया। भंडारी के माथे, कान और पांव में चोट लगी और उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
डीडीसीए अध्यक्ष ने कहा, ‘‘अनुज ने ट्रायल मैच में दो विकेट लिये। उसने मनजोत कालरा (भारत अंडर-19 विश्व कप के स्टार) और जोंटी सिद्धू (वर्तमान में रणजी खिलाड़ी) को आउट किया था। इसलिए उसे शीर्ष 50 खिलाड़ियों में चुना गया लेकिन तीनों चयनकर्ताओं ने कहा कि उन्होंने कभी उसे अंतिम 15 में चयन होने का आश्वासन नहीं दिया था।’’