- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Dean jones passes away sachin tendulkar virat kohli sunil gavaskar pay tribute to australian legend 4151668
डीन जोन्स के निधन पर क्रिकेट जगज स्तब्ध, सचिन, गावस्कर, विराट, वार्नर ने दी श्रद्धांजलि
डीन जोन्स स्टार स्पोर्ट्स पर आईपीएल की कमेंट्री के लिए इन दिनों मुंबई में थे.
Published On Sep 24, 2020, 08:28 PM IST
Last UpdatedSep 24, 2020, 08:28 PM IST
ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज डीन जोन्स (Dean Jones Passes Away) का गुरुवार को दिल का दौरा पड़ने से अचानक निधन हो गया जिससे क्रिकेट जगत सकते में आ गया तथा क्रिकेटर से कमेंटेटर बने इस खिलाड़ी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि खेल को हमेशा उनकी कमी खलेगी।
जोन्स इंडियन प्रीमियर लीग के लिए स्टार स्पोर्ट्स की कमेंट्री टीम का हिस्सा थे और मुंबई में थे। वह 59 बरस के थे। भारत के पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने ट्वीट किया, ‘‘डीन जोन्स (Dean Jones) के निधन की खबर दिल तोड़ने वाली है। एक शानदार व्यक्ति काफी जल्दी चला गया। ऑस्ट्रेलिया के अपने पहले दौरे के दौरान उनके खिलाफ खेलने का मौका मिला। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। उनके प्रियजनों के प्रति मेरी संवेदनाए हैं।’’
भारतीय कप्तान विराट कोहली ने लिखा, ‘‘डीन डीन्स के निधन की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। उनके परिवार और मित्रों के लिए प्रार्थना करता हूं।’’
भारत के मुख्य कोच रवि शास्त्री और पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने भी उनके निधन पर शोक जताया।
जोन्स के खिलाफ खेलने वाले और उनके साथ कमेंट्री करने वाले दिग्गज भारतीय बल्लेबाज गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा, ‘‘वह सबसे सक्रिय क्रिकेटरों में से एक थे, और जैसा कि आपने कहा उन्होंने माइक के साथ नए मानक स्थापित किए और उन्होंने बल्लेबाज के साथ भी ऐसा ही किया।’’
गावस्कर ने जोन्स को शानदार क्षेत्ररक्षक के रूप में याद किया और ऐसा खिलाड़ी जिसने विकेटों के बीच तेजी से दौड़ने को अहमियत दी।
उन्होंने कहा, ‘‘विकेटों के बीच उनकी आक्रामक दौड़ से यह तय था कि अगर गेंद 30 यार्ड के सर्कल से बाहर गई है और क्षेत्ररक्षक डीप में है तो आपको पता है कि डीन जोन्स दो रन ले लेगा।’’
गावस्कर ने कहा, ‘‘और साथ ही वह जिस तरह स्टंप से हटकर गेंद को एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से खेलते थे, ये सभी 1980 के दशक में नए शॉट थे। वह इसके अलावा शानदार क्षेत्ररक्षक भी थे।’’
ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर ने ट्वीट किया, ‘‘मुझे इस खबर पर विश्वास ही नहीं हो रहा। इस बारे में सुनकर काफी दुखी हूं। भगवान डीनो (जोन्स) की आत्मा को शांति दे, आपकी कमी खलेगी।’’
एरोन फिंच ने कहा, ‘‘डीनो के निधन की खबर सुनकर अब भी स्तब्ध हूं। इस मुश्किल समय में मेरी संवेदनाएं जेन और उनके परिवार के साथ हैं। एक शानदार व्यक्ति जो खेल के प्रति जुनूनी था।’’