×

WPL Auction: 277 खिलाड़ियों पर लगेगी बोली, दीप्ति शर्मा सहित इन स्टार प्लेयर्स पर होगी नजरें

नीलामी सूची में 194 भारतीय खिलाड़ी हैं जिनमें 52 राष्ट्रीय और 142 घरेलू खिलाड़ी शामिल हैं, वहीं विदेशी खिलाड़ियों में 66 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर शामिल हैं.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - November 21, 2025 4:15 PM IST

WPL Auction: महिला प्रीमियर लीग 2026 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 27 नवंबर को होनी है. भारत की विश्व कप स्टार दीप्ति शर्मा समेत दुनिया भर के 277 खिलाड़ी महिला प्रीमियर लीग में 73 स्थानों के लिये होने वाली नीलामी का हिस्सा होंगे.

नीलामी पूल में शामिल खिलाड़ियों की घोषणा करते हुए डब्ल्यूपीएल की एक विज्ञप्ति में कहा गया कि 19 खिलाड़ियों ने 50 लाख की श्रेणी के लिये, 11 ने 40 लाख और 88 खिलाड़ियों ने 30 लाख की श्रेणी के लिये नाम दिए हैं. इसमें कहा गया है कि नीलामी सूची में 194 भारतीय खिलाड़ी हैं जिनमें 52 राष्ट्रीय और 142 घरेलू खिलाड़ी शामिल हैं, वहीं विदेशी खिलाड़ियों में 66 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर और 17 ऐसे क्रिकेटर शामिल हैं जिन्होंने अपने देश के लिये नहीं खेला है, विदेशी खिलाड़ियों के लिये 23 स्थान उपलब्ध है.

पांचों फ्रेंचाइजी में से हर टीम ज्यादा से ज्यादा 18 खिलाड़ियों की टीम बना सकती है.

50 लाख की बेस प्राइस में शामिल हैं दीप्ति शर्मा

भारत की करिश्माई हरफनमौला दीप्ति शर्मा , हरलीन देयोल, प्रतिका रावल, पूजा वस्त्राकर, उमा छेत्री और क्रांति गौड़ 50 लाख वाली श्रेणी में हैं, वहीं न्यूजीलैंड की सोफी डेवाइन और एमेलिया केर, इंग्लैंड की सोफी एक्सेलेटेन, आस्ट्रेलिया की एलिसा हीली और मेग लैनिंग भी 50 लाख वाली श्रेणी में हैं. टीमों ने सात विदेशी खिलाड़ियों समेत 17 खिलाड़ी रखे हैं, पांचों टीमों के पास कुल 41 .1 करोड़ रूपये का पर्स है.

TRENDING NOW

मार्की खिलाड़ियों पर लगेगी सबसे पहले बोली

नीलामी की शुरूआत मार्की खिलाड़ियों से होगी, जिनमें दीप्ति शर्मा, रेणुका सिंह, सोफी डेवाइन, सोफी एक्सेलेटन, एलिसा हीली, अमेलिया केर, मेग लैनिंग और लौरा वोल्वार्ट शामिल हैं. महिला प्रीमियर लीग का ऑक्शन इंडियन स्टैंडर्ड टाइम के हिसाब से 27 नवंबर की दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा.