add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

WPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स ने खाता खोला, यूपी वॉरियर्स को सात विकेट से हराया

दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने विमेंस प्रीमियर लीग 2026 के सीजन में अपनी पहली जीत दर्ज की है. बुधवार 14 जनवरी को दिल्ली के रोमांचक मैच में यूपी वॉरियर्ज को 7 विकेट से हरा दिया.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - January 15, 2026 9:13 AM IST

नवी मुंबई: दिल्ली कैपिटल्स ने लिजेली ली की तूफानी पारी के दम पर विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के 7वें मुकाबले में यूपी वॉरियर्स के खिलाफ 7 विकेट से जीत दर्ज की. इसी के साथ कैपिटल्स ने जीत का खाता खोल लिया है.

बुधवार को डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी यूपी वॉरियर्स ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 154 रन बनाए. इस टीम को तीसरी गेंद पर सलामी बल्लेबाज किरण (0) के रूप में पहला झटका लगा. उस समय तक टीम का खाता भी नहीं खुल सका था.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

यहां से कप्तान मेग लैनिंग ने फोएबे लिचफील्ड के साथ दूसरे विकेट के लिए 47 रन की साझेदारी की. लिचफील्ड 27 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद लैनिंग ने हरलीन देओल के साथ तीसरे विकेट के लिए 85 रन जुटाए.

लैनिंग ने 38 गेंदों में 1 छक्के और 9 चौकों के साथ 54 रन बनाए, जबकि हरलीन 36 गेंदों में 47 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुईं. विपक्षी खेमे से मैरिजेन कैप और शेफाली वर्मा ने 2-2 विकेट हासिल किए. इनके अलावा, नंदिनी शर्मा, स्नेह राणा और श्री चरणी ने 1-1 विकेट निकाला.

इसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने मुकाबले की अंतिम गेंद पर बाउंड्री के साथ जीत हासिल की. इस टीम को शेफाली वर्मा और लिजेली ली की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई.

दोनों खिलाड़ियों ने 11.3 ओवरों में 94 रन की साझेदारी की. शेफाली 32 गेंदों में 6 चौकों के साथ 36 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि ली ने 44 गेंदों में 3 छक्कों और 8 चौकों के साथ 67 रन बनाए.

लौरा वोल्वार्ड्ट ने नाबाद 25 रन और जेमिमा रोड्रिग्स ने 21 रन की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई. विपक्षी खेमे से दीप्ति शर्मा ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए, जबकि आशा जॉय ने 1 विकेट निकाला.

दिल्ली कैपिटल्स 3 में से एक मुकाबला जीतकर चौथे पायदान पर मौजूद है, जबकि शुरुआती तीनों मुकाबले गंवाने के बाद यूपी वॉरियर्स पांचवें स्थान पर है.