This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.
आखिरकार दिल्ली को मिल गई क्रिकेट मैच की मेजबानी, 7 मार्च से शुरू होंगे इस बड़े टूर्नामेंट के मैच
जनवरी से देश में क्रिकेट की वापसी के बाद दिल्ली अभी तक क्रिकेट मैचों की मेजबानी से दूर थी. आखिरकार अब उसका यह इंतजार खत्म हो गया है.
Written by Arun Kumar
Last Published on - February 27, 2021 12:02 PM IST

देश में भले ही इस नए साल में जनवरी से ही क्रिकेट की वापसी हो गई हो लेकिन दिल्ली अभी तक इस वापसी से दूर थी. आखिरकार दिल्ली का यह इंतजार अब खत्म हो गया है और 7 मार्च से वह देश के घरेलू वनडे टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी (Vijay Hazare Trophy) के नॉकआउट मैचों की मेजबानी करेगी. विजय हजारे ट्रॉफी के नॉकआउट स्टेज के ये मुकाबले अरुण जेटली स्टेडियम और पालम मैदान पर खेले जाएंगे.
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के सचिव के कार्यालय से सभी मान्यता प्राप्त इकाइयों को 25 फरवरी को भेजे गए ईमेल के मुताबिक, इसकी जानकारी दे दी गई है. इस टूर्नामेंट का लीग स्टेज पहले ही 6 अलग-अलग शहरों में खेला जा रहा है. फिलहाल कोविड- 19 (Covid- 19) के चलते यह टूर्नामेंट या देश में आयोजित हो रहीं सभी खेल गतिविधियां फिलहाल बायो सिक्योर बबल में ही खेली जा रही हैं.
ऐसे में विजय हजारे ट्रॉफी का यह नॉकआउट स्टेज भी बायो बबल में ही खेला जाएगा. इस टूर्नमेंट में भाग लेने वाली सभी 38 टीमों को 5 एलीट ग्रुप और 1 प्लेट ग्रुप में बांटा गया है. फिलहाल इस टूर्नामेंट के लीग स्टेज के मुकाबले सूरत, इंदौर, बेंगलुरु, जयपुर, कोलकाता और चेन्नई में खेले जा रहे हैं. बीसीसीआई की वेबसाइट के अनुसार प्रीक्वॉर्टर फाइनल (एलिमिनेटर) सात मार्च को जबकि क्वॉर्टर फाइनल 8 और 9 मार्च को खेले जाएंगे.
दो सेमीफाइनल 11 मार्च को जबकि फाइनल 14 मार्च को आयोजित होगा. बीसीसीआई ने इस संक्षिप्त 2020-21 घरेलू सत्र में दो घरेलू टूर्नामेंट का आयोजन किया है. विजय हजारे ट्रॉफी से पहले राष्ट्रीय टी20 चैम्पियनशिप सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी खेली गयी थी.
इनपुट : भाषा
