- क्रिकेट न्यूज़
- News
- devdutt padikkal century india in command day 2 warm up match Sri Lanka Cricket XI vs India
Devdutt Padikkal Century: अभ्यास मैच में पडिक्कल ने ठोका शतक, दूसरे दिन भारत की स्थिति हुई मजबूत
India Warm Up Match : भारत और श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के बीच खेले जा रहे अभ्यास मैच के दूसरे दिन देवदत्त पडिक्कल ने ताबड़तोड़ अंदाज में शतक जड़ा है. इसकी वजह से मुकाबले में भारत की स्थिति काफी मजबूत हो गई है.
Published On Aug 08, 2026, 06:56 PM IST
Last UpdatedAug 08, 2026, 06:56 PM IST
भारत और श्रीलंका के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले टीम इंडिया श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ अभ्यास मैच खेल रही हैं. जिसके दूसरे दिन भारत की स्थिति काफी मजबूत हो गई है. दूसरे दिन की समाप्ति तक भारत ने अपनी पहली पारी में 6 विकेट खोकर 357 रन बना लिए हैं. मेहमान टीम मेजबान टीम की पहली पारी से सिर्फ 6 रन पीछे है.
श्रीलंका की शुरुआत रही थी धमाकेदार
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम ने अपनी पहली पारी 363/8 के स्कोर पर घोषित की. निशान मदुष्का और रविंदु रसनथा ने पहले विकेट के लिए 110 रन की साझेदारी की. निशान 12 बाउंड्री के साथ 66 रन बनाकर पवेलियन लौटे. जिसके बाद रविंदु ने पसिंदु सूरियाबंदारा के साथ दूसरे विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 171 के स्कोर तक पहुंचाया.
पसिंदु सूरियाबंदारा 6 चौकों के साथ 35 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि रविंदु ने 7 बाउंड्री के साथ 71 रनों की पारी खेली. इसके बाद कप्तान सोनल दिनुशा ने रमेश मेंडिस के साथ सातवें विकेट के लिए 63 रन जुटाते हुए टीम को 300 के पार पहुंचाया. सोनल ने टीम के खाते में 52 रन जोड़े. उनकी इस पारी में 1 छक्का और 5 चौके शामिल रहे, जबकि रमेश मेंडिस ने 32 रन का योगदान दिया. भारत की तरफ से रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव और मानव सुथार ने 2-2 विकेट निकाले, जबकि गुरनूर बरार ने 1 विकेट हासिल किया.
देवदत्त पड्डिकल ने जड़ा तूफानी शतक
इसके जवाब में भारत को पारी की दूसरी ही गेंद पर यशस्वी जायसवाल (0) के रूप मे झटका लगा. इसके बाद देवदत्त पड्डिकल ने कप्तान केएल राहुल के साथ दूसरे विकेट के लिए 96 रन की साझेदारी करते हुए भारत को संभाला. केएल राहुल 1 छक्के और 5 चौकों के साथ 40 रन बनाकर पवेलियन लौटे. भारत की तरफ से इस पारी में देवदत्त पड्डिकल ने 18 चौकों के साथ नाबाद 142 रन बना लिए हैं. वहीं, रवींद्र जडेजा 63 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए.
मानव सुथार ने 41 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. श्रीलंकाई खेमे से रमेश मेंडिस और असंका मनोज ने 2-2 विकेट चटकाए, जबकि विश्वा फर्नांडो और केशरा नुवानथा 1-1 विकेट अपने नाम कर चुके हैं. इस वार्म-अप मैच के बाद टीम इंडिया श्रीलंका के खिलाफ दो मुकाबलों की टेस्ट सीरीज खेलेगी, जिसका पहला मैच 15 अगस्त से गाले में खेला जाएगा. सीरीज का दूसरा मुकाबला 23 अगस्त से कोलंबो में शुरू होगा.