- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Devdutt Padikkal to make Test debut in Dharamshala Test
IND VS ENG: देवदत्त पडिडकल का धर्मशाला टेस्ट में होगा डेब्यू, प्लेइंग-11 से बाहर होगा यह खिलाड़ी: रिपोर्ट्स
देवदत्त पडिडकल ने फर्स्ट क्लास की पिछली छह पारियों में उन्होंने तीन शतक और एक अर्धशतक लगाया है.
Published On Mar 05, 2024, 03:50 PM IST
Last UpdatedMar 05, 2024, 03:50 PM IST
(Photo-Twitter)
धर्मशाला. भारत और इंग्लैंड की टीम सात मार्च से धर्मशाला पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के आखिरी मैच में आमने-सामने होगी. टीम इंडिया ने सीरीज पर पहले ही कब्जा कर लिया है, ऐसे में आखिरी टेस्ट मैच में टीम के प्लेइंग-11 में बदलाव देखने को मिल सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक देवदत्त पडिडकल भारत के लिए धर्मशाला टेस्ट में डेब्यू कर सकते हैं.
केएल राहुल पांचवें टेस्ट से बाहर हो चुके हैं, वहीं रजत पाटीदार का खराब फॉर्म जारी है, ऐसे में टीम मैनजमेंट पाटीदार की जगह देवदत्त पडिडकल को मौका दे सकता है. बीसीसीआई के सूत्र ने हिंदुस्तान टाइम्स को बताया कि पडिक्कल धर्मशाला में अपना डेब्यू करेंगे. केएल राहुल के उपलब्ध होने की संभावना नहीं है और टीम प्रबंधन पडिडकल को एक मौका देना चाहता है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक रांची टेस्ट के बाद सेलेक्टर्स और टीम इंडिया के हेड कोच राहुल द्रविड़ और कप्तान रोहित शर्मा के साथ केएल राहुल की अनुपस्थिति के बाद पडिडकल को लेकर चर्चा की थी. अगर पडिडकल को धर्मशाला टेस्ट में मौका मिलता है तो 24 साल पुराना रिकॉर्ड भी ध्वस्त हो जाएगा.
पडिडकल का हुआ डेब्यू, तो टूट जाएगा 24 साल पुराना रिकॉर्ड
पडिडकल अगर धर्मशाला में डेब्यू करते हैं तो टीम इंडिया के लिए एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा खिलाड़ियों के डेब्यू करने का 24 साल पुराना रिकॉर्ड टूट जाएगा. भारत के लिए साल 2000 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में चार खिलाड़ियों मुरली कार्तिक, वसीम जाफर, मोहम्मद कैफ और निखिल चोपड़ा ने डेब्यू किया था. अगर पडिडकल को धर्मशाला में खेलने का मौका मिला तो वह इस सीरीज में डेब्यू करने वाले पांचवें भारतीय होंगे. पडिडकल से पहले रजत पाटीदार, सरफराज खान, ध्रुव जुरेल और आकाशदीप इस सीरीज में डेब्यू कर चुके हैं.
घरेलू क्रिकेट में पडिडकल का शानदार रिकॉर्ड
23 साल के देवदत्त पडिडकल भारत के लिए दो टी-20 मैच खेले हैं. घरेलू क्रिकेट में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है. उनके नाम 31 फर्स्ट क्लास मैच में 2227 रन है, वहीं लिस्ट ए के 30 मैच में उन्होंने 1875 रन बनाए हैं. पिछली छह पारियों में उन्होंने तीन शतक और एक अर्धशतक लगाया है.