धोनी के बाएं हाथ को नहीं पता कि दायां हाथ..., पूर्व क्रिकेटर का बड़ा बयान
मुरली कार्तिक ने कहा कि आपको यह कहने का मौका नहीं देना चाहिए कि आप ज्यादा रुक गए..
Published On May 26, 2025, 02:02 PM IST
Last UpdatedMay 26, 2025, 02:02 PM IST
IPL 2025 में रविवार, 25 मई को चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के मैच से पहले फैंस इस बात को लेकर उत्सुक थे कि क्या महेंद्र सिंह धोनी अपने आईपीएल करियर पर कुछ कहेंगे. लोग सोच रहे थे कि बतौर खिलाड़ी यह धोनी का आखिरी आईपीएल मैच है. हालांकि धोनी ने अपने पत्ते नहीं खोले और यह साफ नहीं किया कि क्या वह आईपीएल 2025 के बाद रिटायर होंगे या नहीं.
चेन्नई सुपर किंग्स ने अपना आखिरी लीग मैच 83 रन से जीता. धोनी ने मैच के बाद कहा कि अभी उनके पास यह सोचने के लिए पर्याप्त वक्त है कि क्या वह अगले साल आईपीएल खेलेंगे अथवा नहीं.
हालांकि भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर मुरली कार्तिक ने कहा है कि धोनी को खुद को उस स्थिति में नहीं लाना चाहिए जहां लोग यह कहना शुरू कर दें कि वह ज्यादा रुक गए.
क्रिकबज के साथ बातचीत में कार्तिक ने कहा, ‘जितना यह दुनिया धोनी को प्यार करती है, उतनी ही कई चीजें हैं जिन्हें हम खत्म होते नहीं देखना चाहते. हम नहीं चाहते कि अमिताभ बच्चन ऐक्टिंग करना छोड़ दें… हम नहीं चाहते थे कि रोजर फेडरर या सचिन तेंदुलकर या विराट कोहली का करियर खत्म हो- लेकिन एक दिन ऐसा आता है जब उन्हें जाना पड़ता है.’
उन्होंने आगे कहा, ‘कई बार ऐसा होता है कि आप नहीं चाहते कि आपको ज्यादा पुश किया जाए, होता है न? कई बार, आप नहीं चाहते कि जिन लोगों ने आपको खूब प्यार किया है, वे भी आपको कहें कि आप ज्यादा रुक गए.’ फिर चाहें वह एमएस धोनी हों या कोई और, बस इस बारे में सोचिए.
कोहली का उदाहरण देते हुए कार्तिक ने कहा कि एक खिलाड़ी को पता होता है कि उसका वक्त कब आ गया है लेकिन बात जब धोनी की हो तो अंदाजा लगाना मुश्किल है.
उन्होंने कहा, ‘अब जब विराट कोहली गए हैं, तो हर कोई कह रहा है, ‘तुम्हारे पास अभी दो-तीन साल का क्रिकेट बचा था. तुम कितने फिट हो…’ लेकिन उनके अपने दिमाग में वह संन्यास का मन बना चुके थे. लेकिन महेंद्र सिंह धोनी के बारे में आप यह नहीं कह सकते कि वह क्या सोच रहे हैं. क्या ऐसा वह फ्रैंचाइजी के लिए कर रहे हैं? कोई नहीं जानता.’
उन्होंने कहा, ‘मैंने हमेशा से कहा है कि धोनी के बाएं हाथ को नहीं पता होता कि दायां हाथ क्या कर रहा है. हमारे लिए यह पता लगाना कि अब वह क्या सोच रहे हैं, बहुत ही मुश्किल काम है.’