धाकड़ बल्लेबाजों में शुमार हुआ एक और नाम, दिल्ली के खिलाड़ी ने जीत लिया दिल
ध्रुव शोरी ने कर दिया कमाल. दिल्ली के इस बल्लेबाज ने शानदार सेंचुरी लगाई.
Published On Jun 29, 2023, 11:37 AM IST
Last UpdatedJun 29, 2023, 11:37 AM IST
dhruv-shorey
बेंगलुरु: ध्रुव शोरे की संयम से खेली गई 135 रन की शतकीय पारी की मदद से उत्तर क्षेत्र ने बुधवार को यहां एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में पूर्वोत्तर क्षेत्र के खिलाफ चार दिवसीय दलीप ट्राफी क्वॉर्टर फाइनल के पहले दिन स्टंप तक 87 ओवर में छह विकेट पर 306 रन बना लिए. निशांत सिंधू ने भी नाबाद 76 रन के अर्धशतक से पारी मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
दिल्ली के खिलाड़ी शोरे इस मैच से पहले शानदार फॉर्म में चल रहे थे और उन्होंने यही लय जारी रखी. उन्होंने 2022-23 रणजी सत्र के सात मैचों में 95.44 के बेहतरीन औसत से 859 रन बनाए थे जिसमें तीन शतक शामिल थे.
यह 31 साल का खिलाड़ी पिछले रणजी ट्रॉफी सत्र में चौथा सर्वाधिक रन जुटाने वाला खिलाड़ी बना था और दिन में खेली गई उनकी पारी के दौरान उनके इस अनुभव की झलक दिखाई दी.
पूर्वोत्तर ने टॉस जीतकर फील्डिंग का फैसला किया. शोरे ने हालांकि उसके तेज गेंदबाज जोतिन सिंह, पालजोर तमांग और दिप्पू संगमा के खिलाफ क्रीज पर जमने में अपना समय लिया.
पूर्वोत्तर के तेज गेंदबाजों को पिच से कुछ मदद मिल रही थी लेकिन वे शोरे और उनके सलामी बल्लेबाज प्रशांत चोपड़ा को अपनी तेज गेंदबाजी से जल्दी आउट नहीं कर सके. हालांकि पहले 15 ओवर में उत्तर क्षेत्र की टीम महज 29 रन ही बना सकी.
लेकिन एक बार परिस्थितियों और गेंदबाजों को समझने के बाद इन दोनों बल्लेबाजों ने स्वच्छंद खेल दिखाया जिससे रन गति तेज हो गई.
उत्तर क्षेत्र ने लंच तक 34 ओवर में दो विकेट गंवाकर 115 रन बना लिए थे और ये दोनों विकेट बल्लेबाजों की गलतियों से गिरे. चोपड़ा ने जोतिन की गेंद को छोड़ने का प्रयास किया लेकिन वह इसमें फुर्तीले नहीं रहे और आउट हो गए.
बायें हाथ के बल्लेबाज अंकित कलसी भी जोतिन की गेंद को समझ नहीं सके और बिना रन बनाए पवेलियन लौट गए.
लंच के बाद के सत्र में भी पूर्वोत्तर ने दो विकेट झटक लिए जिसमें प्रभसिमरन सिंह ने इमलीवती लेमतूर के खिलाफ आक्रामक होने की कोशिश की जिससे वह किशन मिएताम को कैच दे बैठे.
कुछ देर बाद अंकित कुमार को संगमा ने आउट किया जिससे 46वें ओवर में उत्तर क्षेत्र का स्कोर चार विकेट पर 162 रन हो गया. लेकिन शोरे और निशांत ने पांचवें विकेट के लिए करीब 22 ओवर में 80 रन की साझेदारी की जिससे उत्तर क्षेत्र की टीम से दबाव थोड़ा कम हुआ.
बायें हाथ के स्पिनर किशन सिंघा ने दो गेंद में दो विकेट झटक लिए जिसमें शोरे और कप्तान जयंत यादव का विकेट शामिल था जिससे स्कोर छह विकेट पर 242 रन हो गया.
करीब 30 ओवर बचे थे, निशांत और पुलकित नांगर ने सातवें विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी कर टीम को संभालने में मदद की जिससे खराब रोशनी के कारण खेल रोके जाने तक उत्तर क्षेत्र अच्छी स्थिति में पहुंच गयी थी.