×

क्या BCCI ने दिया मुस्ताफिजुर को IPL में लौटने का ऑफर? बांग्लादेश बोर्ड ने बताई सच्चाई

भारत और बांग्लादेश के बीच क्रिकेट रिश्ते इस समय बहुत खराब दौर से गुजर रहे हैं. बांग्लादेश ने दो बार आईसीसी से गुहार लगाई है कि अगले महीने 7 तारीख से शुरू होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में उसके मैच भारत से बाहर शिफ्ट कर दिए जाएं. हालांकि आईसीसी की ओर से अभी तक इस...

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - January 9, 2026 11:23 AM IST

भारत और बांग्लादेश के बीच क्रिकेट रिश्ते इस समय बहुत खराब दौर से गुजर रहे हैं. बांग्लादेश ने दो बार आईसीसी से गुहार लगाई है कि अगले महीने 7 तारीख से शुरू होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में उसके मैच भारत से बाहर शिफ्ट कर दिए जाएं. हालांकि आईसीसी की ओर से अभी तक इस पर कोई फैसला नहीं लिया गया है. इस विवाद की शुरुआत तब हुई जब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई के निर्देश पर बांग्लादेश के पेसर मुस्ताफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 से बाहर होना पड़ा. फिर ऐसी भी खबरें आईं कि बीसीसीआई ने मुस्ताफिजुर को आईपीएल 2026 में खेलने का न्योता दिया है. इस बात पर अब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने अपनी प्रतिक्रिया दी है.

बांग्लादेश में लगातार हिंदुओं की निशाने पर लिया जा रहा था. उनकी हत्याएं की जा रही थीं. इसका विरोध भारत में हो रहा था. और इसी क्रम में बीसीसीआई ने कोलकाता नाइट राइडर्स को रहमान को रिलीज करने का निर्देश दिया.

बीसीसीआई के इस फैसले का बांग्लादेश में भी विरोध हुआ. पहले बांग्लादेश की सरकार ने अपने देश में आईपीएल से किसी भी तरह के प्रसारण पर रोक लगा दी. इसके बाद बीसीबी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद को खत लिखकर यह अनुरोध किया कि टी20 वर्ल्ड कप के उसके मैच भारत से बाहर करवाए जाएं.

इस बीच बांग्लादेशी मीडिया में ऐसी भी खबरें आईं कि बीसीसीआई ने मुस्ताफिजुर को आईपीएल में लौटने का प्रस्ताव दिया है. ताकि दोनों बोर्ड्स के बीच तनाव कम करके रिश्तों को सामान्य किया जा सके.

हालांकि अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने साफ तौर पर कहा कि दोनों बोर्ड्स के बीच इस तरह की कोई बात नहीं हुई है.

अजकेर अखबार ने बुलबुल के हवाले से कहा, ‘मैंने बीसीसीआई के साथ मुस्ताफिजुर की आईपीएल में वापसी पर कोई मौखिक या लिखित चर्चा नहीं की है. मैंने अपने बोर्ड से भी इस बारे में कोई चर्चा नहीं की है. इस खबर में कोई सच्चाई नहीं है.’

TRENDING NOW

वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होगी. बांग्लादेश को लीग स्टेज पर चार मैच खेलने हैं. इन चार में से तीन मैच कोलकाता में करवाए जाएंगे बल्कि एक मैच मुंबई में होगा. बीसीबी हालांकि लगातार खिलाड़ियों की सुरक्षा का हवाला देते हुए मैचों में भारत से श्रीलंका में शिफ्ट करने की वकालत कर रहा है. लेकिन अभी तक आईसीसी ने इस पर कोई फैसला नहीं लिया है. बांग्लादेश की ओर से दो बार आईसीसी को पत्र लिखा गया है.