'अगर खिलाड़ियों से अच्छा प्रदर्शन करवाने के लिए गुस्सा जरूरी तो यही सही'
दिनेश कार्तिक की अगुवाई में कोलकाता ने पंजाब को 7 विकेट से हराया।
Published On May 04, 2019, 10:14 AM IST
Last UpdatedMay 04, 2019, 10:14 AM IST
दिनेश कार्तिक, शुभमन गिल © AFP
किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ मोहाली के आईएस बिंद्रा स्टेडियम में खेले गए मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने सात विकेट से जीत दर्ज क प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद बनाए रखी है। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब टीम ने 183/6 का स्कोर बनाया। पारी के दौरान कोलकाता के गेंदबाजों ने काफी रन लुटाए, खासकर कि आखिरी के ओवरो में जब सैम कर्रन बल्लेबाजी कर रहे थे। जिससे कप्तान दिनेश कार्तिक काफी नाराज हुए। हालांकि कार्तिक ने माना कि उनके गुस्से की वजह से अगर खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो ये उनके लिए अच्छा है।
कप्तान कार्तिक ने मैच प्रेसेंटेशन के दौरान कहा, “हम एक और दिन लड़ने के लिए आज जीत गए। पिछले कुछ दिन मुश्किल रहे हैं। गेंदबाज और फील्डर जो कर रहे थे मैं उससे बहुत खुश नहीं था, इसलिए मैंने सोचा कि मुझे उनके सामने अपनी जाहिर करनी चाहिए। ये दुर्लभ है, बहुत से लोगों ने मुझे गुस्से में नहीं देखा है। अगर मुझे लगता है कि लड़कों से अच्छा प्रदर्शन करवाने के लिए मुझे गुस्सा दिखाना चाहिए तो वो ही सही।”
ये भी पढ़ें: गेंदबाजों और फील्डर्स के प्रदर्शन से खुश नहीं थे दिनेश कार्तिक
गेंदबाजों पर नाराजगी जताने के साथ साथ कार्तिक ने पंजाब के ऑलराउंडर सैम कर्रन की तारीफ भी की और माना कि आखिरी के ओवरों में ज्यादा रन जाने का श्रेय इस इंग्लिश खिलाड़ी को मिलना चाहिए। कार्तिक ने कहा, “आखिरी के ओवरों में कुछ 10 रन ज्यादा गए लेकिन हमें सैम कर्रन को भी श्रेय देना चाहिए। आईपीएल इस तरह का टूर्नामेंट है जहां कोई आता है और आपके लिए रन बनाता है इसलिए वहां पर संतुलन है।”
कार्तिक ने आगे कहा, “ये बड़ा ग्राउंड है लेकिन हमने छोटी छोटी चीजें सही की। अच्छे से दौड़े, गेंदबाजों पर दबाव डाला और बल्लेबाजों ने योजना अच्छे से लागू की।”
मैन ऑफ द मैच शुभमन गिल के बारे में कार्तिक ने कहा, ” ये अच्छा है कि हमने गिल को शीर्ष क्रम में मौका दिया और उसने इस मौके का पूरा फायदा उठाया।”