- Home
- News
- Dont end test cricket and replace it with t20 former pakistan captain inzamam ul haq 4670848
टी20 क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए टेस्ट क्रिकेट को खत्म ना करें: इंजमाम उल हक
पूर्व पाक कप्तान इंजमाम उल हक का कहना है कि टेस्ट क्रिकेट में खिलाड़ी की क्वालिटी की असली परीक्षा होती है।
Published On May 17, 2021, 07:44 PM IST
Last UpdatedMay 17, 2021, 07:44 PM IST
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज इंजमाम उल हक (Inzamam-ul-Haq) ने टी20 क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता के बीच टेस्ट क्रिकेट को जिंदा रखने की अपील की है।
पाक टीम के लिए 120 टेस्ट मैचों में 8,829 रन बना चुके पूर्व खिलाड़ी ने कहा कि टी20 क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए टेस्ट क्रिकेट को खत्म करना जरूरी नहीं है।
अपने यू-ट्यूब चैनल पर पोस्ट किए वीडियो में इंजमाम ने कहा, “फिलहाल सारा ध्यान टी20 क्रिकेट पर है। ये चीज सभी टीमों और खिलाड़ियों पर लागू होती है। हां, मुझे पता है कि टी20 क्रिकेट मनोरंजक है और लोग इसे देखना पसंद करते हैं लेकिन टेस्ट क्रिकेट में असली खूबसूरती है जहां आपको एक बल्लेबाजी की क्वालिटी की परीक्षा करने का मौका मिलता है। इसलिए उसे मैंटेन करना जरूरी है।”
टेस्ट क्रिकेट की तारीफ करते हुए पूर्व क्रिकेटर टी20 को भी सराहा। उन्होंने कहा कि एक फॉर्मेट को बढ़ावा देने के लिए दूसरे को नीचा दिखाना जरूरी नहीं है।
उन्होंने कहा, “टी20 क्रिकेट लोगों का मनोरंजन करता है और इसे जरूर खेला जाना चाहिए लेकिन दूसरे को ऊपर लाने के लिए एक चीज को नीचे नहीं धकेलना चाहिए। टेस्ट क्रिकेट (और उसका कद) जैसा है वैसा ही रहना चाहिए और आप हमेशा टी 20 क्रिकेट के मानकों को एक साथ ऊपर ला सकते हैं।”
इंजमाम ने आगे कहा, “लेकिन टेस्ट क्रिकेट को खत्म कर उसकी जगह टी20 क्रिकेट को ना दें। अगर ऐसा होता है तो ये खेल और खिलाड़ियों के साथ अन्याय होगा क्योंकि अगर बोर्ड टेस्ट के बजाय टी20 को प्राथमिकता देगा फिर खिलाड़ी भी वही करेंगे। यहां तक कि युवा खिलाड़ी और क्रिकेटरों की अगली खेप भी टी20 क्रिकेट पर ध्यान देने लगेगी।”