×

दलीप ट्रॉफी का जारी हुआ शेड्यूल, जानें कब और कहां होगा आयोजन ?

एक सीजन के अंतराल के बाद यह टूर्नामेंट इंटर जोनल फॉर्मेंट में वापस आया है. दक्षिण, मध्य, पश्चिम, पूर्व, उत्तर और उत्तर-पूर्व कुल छह जोन इस टूर्नामेंट का हिस्सा होंगे.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - July 29, 2025 2:33 PM IST

Duleep Trophy Schedule: दलीप ट्रॉफी 2025 का शेड्यूल जारी कर दिया गया है. दक्षिण, मध्य, पश्चिम, पूर्व, उत्तर और उत्तर-पूर्व कुल छह जोन इस टूर्नामेंट में भाग लेंगे. एक सीजन के अंतराल के बाद यह टूर्नामेंट इंटर जोनल फॉर्मेंट में वापस आया है.

यह टूर्नामेंट 28 अगस्त से 15 सितंबर तक बेंगलुरु में आयोजित किया जाएगा. मैच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस मैदान पर खेले जाएंगे और यह टूर्नामेंट नॉकआउट फॉर्मेट में होगा. दक्षिण और पश्चिम क्षेत्र की टीमों को सीधे सेमीफाइनल में जगह दी गई है. दो क्वार्टर फाइनल – उत्तर क्षेत्र बनाम पूर्व क्षेत्र और मध्य क्षेत्र बनाम उत्तर-पूर्व क्षेत्र – 28 से 31 अगस्त तक खेले जाएंगे. सेमीफाइनल 4 से 7 सितंबर तक होंगे, जिसके बाद 11 सितंबर से फाइनल शुरू होगा.

यह टूर्नामेंट 2016-17 से 2019-20 सीज़न तक राष्ट्रीय चयनकर्ताओं की तरफ से चुनी गई टीमों – भारत ए, बी, सी और डी – के बीच खेला गया था. 2022-23 में यह क्षेत्रीय मॉडल पर लौट आया, लेकिन पिछले साल फिर से ए-बी-सी-डी प्रारूप में बदल गया. पिछले सालाना आम बैठक (एजीएम) में बीसीसीआई के एक फैसले के बाद टूर्नामेंट क्षेत्रीय ढांचे में वापस आ गया है. कोविड-19 महामारी के कारण प्रतियोगिता को कुछ सीजन के लिए रोक भी दिया गया था.

नागपुर में खेला जाएगा ईरानी कप

बीसीसीआई ने ईरानी कप की मेजबानी नागपुर को सौंप दी है. विदर्भ गत रणजी ट्रॉफी चैंपियन है, इसलिए चैंपियन विदर्भ और शेष भारत के बीच पांच दिवसीय मैच उनके गृहनगर में आयोजित किया जाएगा. करुण नायर आगामी सीजन के लिए कर्नाटक वापस आ गए हैं, लेकिन दक्षिण क्षेत्र के चयनकर्ताओं ने उन्हें दलीप ट्रॉफी टीम के लिए नहीं चुना है.

रसिख सलाम जम्मू-कश्मीर से बड़ौदा पहुंचे

26 साल के तेज गेंदबाज रसिख सलाम जम्मू-कश्मीर क्रिकेट संघ (JKCA) से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) प्राप्त करने के बाद जम्मू-कश्मीर से बड़ौदा आ गए हैं. बड़ौदा में उनके साथ जितेश शर्मा भी शामिल होंगे, जो विदर्भ से पेशेवर खिलाड़ी के रूप में आए हैं, इसके अलावा महिला वर्ग में बड़ौदा क्रिकेट संघ (BCA) ने आगामी सत्र के लिए अपनी सीनियर टीम में शिखा पांडे और पूनम खेमर को भी शामिल किया है.