WI VS SL: हसरंगा-चमीरा ने गेंद से बरपाया कहर, श्रीलंका ने दूसरे टी20 मैच में वेस्टइंडीज को रौंदा
195 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरी कैरेबियाई टीम सिर्फ 157 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. इस जीत के साथ श्रीलंका ने तीन मैचों की सीरीज को 1-1 से बराबर कर दिया है.
Published On Jun 14, 2026, 11:35 AM IST
Last UpdatedJun 14, 2026, 11:35 AM IST
WI VS SL 2nd T20I
WI VS SL: कामिल मिशारा और दासुन शनाका के तूफानी अर्धशतक के बाद दुष्मंत चमीरा और वानिंदु हसरंगा की घातक गेंदबाजी से श्रीलंका ने दूसरे टी-20 मैच में वेस्टइंडीज को 37 रन से हरा दिया. किंग्स्टन (जमैका) के सबीना पार्क स्टेडियम में श्रीलंका से मिले 195 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरी कैरेबियाई टीम सिर्फ 157 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. इस जीत के साथ ही श्रीलंका ने तीन मैचों की सीरीज को 1-1 से बराबर कर दिया है.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही. ब्रैंडन किंग महज दो रन बनाकर आउट हुए, तो कप्तान शाई होप (6 रन) भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके.
हेटमायर और पॉवेल ने की 81 रन की साझेदारी
इसके बाद तीसरे विकेट के लिए शिमरोन हेटमायर और रोवमैन पॉवेल ने मिलकर 46 गेंदों में 81 रनों की अहम साझेदारी निभाई. हेटमायर ने 26 गेंदों का सामना करते हुए 36 रनों की पारी खेली. वहीं, पॉवेल 26 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 43 रन बनाकर महेश तीक्षणा का शिकार बने.
शेरफेन रदरफोर्ड सिर्फ 14 रन ही बना सके, जबकि रोस्टन चेज ने 17 रनों का योगदान दिया. मैथ्यू फोर्डे 8 रन बनाकर पवेलियन लौटे, तो अकील हुसैन ने 6 गेंदों में 14 रन बनाए, शेमार जोसेफ 11 रन बनाकर नाबाद रहे. गेंदबाजी में श्रीलंका की ओर से दुष्मंत चमीरा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सिर्फ नौ रन देकर तीन विकेट निकाले. वहीं वानिंदु हसरंगा ने भी 3 विकेट चटकाए. दुनिथ वेल्लालगे को दो सफलता मिली, महीश तीक्षणा ने एक विकेट झटका.
गौतम गंभीर के ‘गुरुमंत्र’ से गुरबाज ने जड़ा धमाकेदार शतक, मैच के बाद खोला राज
कामिल मिशारा- दासुन शनाका की विस्फोटक पारी
इससे पहले श्रीलंका ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 194 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए. टीम की ओर से कामिल मिशारा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 61 रन बनाए. वहीं, दासुन शनाका ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 24 गेंदों में 58 रन बनाए. शनाका ने 241 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए अपनी इस पारी में पांच चौके और चार छक्के लगाए. वेस्टइंडीज की तरफ से गेंदबाजी में शेमार जोसेफ ने 32 रन देकर तीन विकेट चटकाए, तो मैथ्यू फोर्डे ने दो विकेट अपने नाम किए.