×

ईडी के सामने पेश होंगे रॉबिन उथप्पा- युवराज सिंह, ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप से जुड़ा है मामला

अवैध सट्टेबाजी ऐप्स से संबंधित जुड़ा है मामला, कई लोगों और निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी करने या भारी मात्रा में कर चोरी करने का आरोप

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - September 16, 2025 2:03 PM IST

ED summons Robin Uthappa: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप से जुड़े धन शोधन मामले में पूर्व क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा और युवराज सिंह को पूछताछ के लिए तलब किया है, सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. उथप्पा और युवराज को 1xBet नामक एक प्लेटफॉर्म से जुड़े एक मामले में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत अपना बयान दर्ज कराने के लिए कहा गया है.

उन्होंने बताया कि उन्हें 22 सितंबर को उथप्पा और 23 सितंबर को युवराज सिंह को गवाही देने के लिए कहा गया है. संघीय जांच एजेंसी पिछले कुछ हफ़्तों में पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना और शिखर धवन से पूछताछ कर चुकी है.

पूर्व टीएमसी सांसद और अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती का भी बयान दर्ज

इस मामले में सोमवार को पूर्व टीएमसी सांसद और अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती का भी बयान दर्ज किया गया. सूत्रों ने बताया कि बंगाली अभिनेता अंकुश हाजरा इस मामले में अपने निर्धारित समन पर मंगलवार को ईडी के समक्ष पेश हुए, जबकि 1xBet की भारत ब्रांड एंबेसडर और अभिनेत्री उर्वशी रौतेला मंगलवार को अपनी निर्धारित तिथि पर अभी तक पेश नहीं हुई हैं.

निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप

यह जांच कथित अवैध सट्टेबाजी ऐप्स से संबंधित है, जिन पर कई लोगों और निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी करने या भारी मात्रा में कर चोरी करने का आरोप है. कंपनी के अनुसार, 1xBet एक विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त सट्टेबाज है, जो सट्टेबाजी उद्योग में 18 वर्षों से कार्यरत है, कंपनी के अनुसार, इस ब्रांड के ग्राहक हज़ारों खेल आयोजनों पर दांव लगा सकते हैं, और कंपनी की वेबसाइट और ऐप 70 भाषाओं में उपलब्ध हैं.