- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Ellyse Perry took a record six wickets RCB Beat Mumbai Indians by seven wickets
WPL 2024: एलिस पैरी ने WPL में रचा नया इतिहास, मुंबई इंडियंस को हराकर आरसीबी प्लेऑफ में पहुंची
मुंबई इंडियंस की टीम एलिस पैरी की घातक गेंदबाजी (06/15) के आगे 113 रन पर सिमट गई. आरसीबी ने 15 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया
Published On Mar 12, 2024, 10:38 PM IST
Last UpdatedMar 12, 2024, 10:38 PM IST
(Photo credit-WPL Twitter)
नई दिल्ली. ऑस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर एलिस पैरी की महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) टी20 में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) ने मंगलवार को मुंबई इंडियन्स को सात विकेट से हराकर प्लेऑफ में पहुंचने वाली तीसरी टीम बनीं. आरसीबी की इस जीत के साथ ही यूपी वॉरियर्स और गुजरात जायंट्स की टीम वीमेंस प्रीमियर लीग 2024 से बाहर हो गई है. मुंबई और दिल्ली की टीम पहले ही प्लेऑफ में पहुंच चुकी है.
मंगलवार को खेले गए मैच में मुंबई इंडियंस की टीम एलिस पैरी की घातक गेंदबाजी (06/15) के आगे 113 रन (19 ओवर) पर सिमट गई. आरसीबी ने 15 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया. एलिस पैरी ने बल्लेबाजी में भी कमाल दिखाया और नाबाद 40 रन बनाए. रिचा घोष भी 36 रन बनाकर नाबाद रहीं. एलिस पैरी को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया.
एलिस पैरी ने WPL इतिहास की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी की
एलिस पैरी ने चार ओवर के स्पेल में 15 रन देकर छह विकेट चटकाए. यह वीमेंस प्रीमियर लीग के इतिहास का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है. इससे पहले मारिजन कैप्प के नाम 15 रन देकर पांच विकेट लेने का रिकॉर्ड था.
इससे पहले आरसीबी ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया. मुंबई की ओपनर हेली मैथ्यूज (26) और संजीवन संजना (30) ने छह ओवर में 43 रन की साझेदारी कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई. सोफी डिवाइन ने छठे ओवर की आखिरी गेंद पर मैथ्यूज को आउट कर आरसीबी को पहली सफलता दिलायी.
एलिस पैरी पैरी ने इसके बाद लगातार अंतराल पर छह विकेट झटके. उन्होंने संजना और हरमनप्रीत कौर (00) को आउट कर मुंबई का स्कोर नौ ओवर में तीन विकेट पर 65 रन कर दिया. इसके बाद पैरी ने 11वें ओवर में अमेलिया केर (दो) और अमनजोत कौर (चार) को पवेलियन भेजा. अपने आखिरी ओवर में पैरी ने पूजा वस्त्राकर (छह) और नैट सिवर ब्रंट (10) को आउट कर मुंबई की वापसी की राह मुश्किल कर दी. यास्तिका भाटिया की जगह एकादश में शामिल विकेटकीपर प्रियंका बाला ने 18 गेंद में नाबाद 19 रन बनाकर टीम के स्कोर को 113 रन तक पहुंचाया.
आरसीबी ने 15 ओवर में हासिल किया लक्ष्य
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी ने सोफी मॉलिन्यू (09) और कप्तान स्मृति मंधाना (11) का विकेट जल्दी गंवा दिया. सोफी डिवाइन (02) भी बड़ी पारी नहीं खेल सकीं. 39 रन के स्कोर पर आरसीबी ने तीन विकेट गंवा दिया था और मुंबई को यहां से वापसी की उम्मीद जागी थी, मगर एलिस पैरी और रिचा घोष ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर मुंबई की उम्मीदों को खत्म कर दिया. एलिस पैरी 38 गेंद में नाबाद 40 रन (05 चौके, एक छक्का) और रिचा घोष ने 28 गेंद में नाबाद 36 रन (04 चौके, दो छक्के) की पारी खेलकर आरसीबी को 15 ओवर में जीत दिला दी.
.