×

Eng vs Aus 2nd Test Day 4: जीत से 257 रन दूर है इंग्लैंड की टीम, ऑस्ट्रेलिया को चाहिए छह विकेट

चौथे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने चार विकेट पर 114 रन बनाए हैं. बेन डकेट 50 रन और बेन स्टोक्स 29 रन बनाकर क्रीज पर जमे हैं.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Published on - July 1, 2023 11:54 PM IST

इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच लॉर्ड्स में खेला जा रहा एशेज सीरीज का दूसरा टेस्ट रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है. खेल के चौथे दिन ऑस्ट्रेलिया की पारी 279 रन पर ढेर हो गई. पहली पारी में मिली बढ़त के आधार पर ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 371 रन का लक्ष्य दिया. चौथे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने चार विकेट पर 114 रन बनाए हैं. बेन डकेट 50 रन और बेन स्टोक्स 29 रन बनाकर क्रीज पर जमे हैं. खेल के आखिरी दिन इंग्लैंड को जीत के लिए 257 रन बनाने हैं, वहीं ऑस्ट्रेलिया की टीम को छह विकेट चाहिए.

 

View this post on Instagram

 

A post shared by ICC (@icc)

इससे पहले खेल के चौथे दिन की शुरूआत उस्मान ख्वाजा और स्टीव स्मिथ ने की. दोनों बल्लेबाजों ने अर्धशतकीय साझेदारी की. उस्मान ख्वाजा 77 रन की पारी खेलकर स्टुअर्ट ब्रॉड की गेंद पर मैथ्यू पॉट को कैच दे बैठे, वहीं स्टीव स्मिथ (34 रन) का विकेट जोश टोंग के नाम रहा. जोश टोंग की गेंद पर जैक क्राउली ने उनका कैच लिया. ट्रेविस हेड को स्टुअर्ट ब्रॉड ने फंसाया और वह सिर्फ सात रन बना सके. जो रूट ने उनका शॉर्ट लेग पर शानदार कैच लपका. ऑस्ट्रेलिया ने लंच ब्रेक तक पांच विकेट पर 222 रन बनाए थे.

लंच के बाद दूसरे सेशन में इंग्लैंड के गेंदबाजों ने पलटवार किया और दूसरे सेशन में ऑस्ट्रेलिया को 279 रन के स्कोर पर समेट दिया. कैमरन ग्रीन (18 रन), एलेक्स कैरी (21 रन), पैट कमिंस (11 रन) बड़ी पारी नहीं खेल सके. हेजलवुड ने एक रन बनाए, वहीं चोटिल होने के बावजूद बल्लेबाजी करने उतरे नाथन लायन ने चार रन की पारी खेली. मिशेल स्टॉर्क 15 रन बनाकर नाबाद रहे. ऑस्ट्रेलिया की टीम टी ब्रेक से पहले 279 रन पर ढेर हो गई. पहली पारी में मिली 91 रन की बढ़त के आधार ऑस्ट्रेलिया को 370 रन की लीड मिली.

इंग्लैंड ने 371 रन के लक्ष्य के जवाब में खराब शुरूआत की. ओपनर जैक क्राउली (03 रन) और ओली पोप (03 रन) मिशेल स्टॉर्क का शिकार बने. 13 रन के स्कोर पर इंग्लैंड ने दो विकेट गंवा दिए. इसके बाद जो रूट और बेन डकेट ने पारी को संभालने की कोशिश की. जो रूट (18 रन) और हैरी ब्रूक (04 रन) को एक ही ओवर में आउट कर पैट कमिंस ने इंग्लैंड ने बैकफुट पर ला दिया. मगर इसके बाद बेन डकेट और कप्तान बेन स्टोक्स ने मोर्चा संभाला और चौथे दिन के खेल में इंग्लैंड को कोई और झटका नहीं लगने नहीं दिया. दोनों बल्लेबाजों के बीच नाबाद 69 रन की साझेदारी हो चुकी है.