×

ओली पोप ने इंग्लैंड में जड़ा सबसे तेज दोहरा शतक, डकेट ने ब्रैडमैन का 93 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा

इंग्लैंड ने आयरलैंड की पहली पारी के 172 रन के जवाब में खेल के दूसरे दिन चार विकेट पर 524 रन बनाकर पारी घोषित कर दी और दूसरी पारी में भी आयरलैंड के तीन विकेट निकाल लिए.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Published on - June 3, 2023 9:00 AM IST

इंग्लैंड ने आयरलैंड के खिलाफ खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में शिकंजा कस लिया है. ओली पोप के दोहरे शतक और बेन डकेट की 182 रन की पारी से इंग्लैंड ने आयरलैंड की पहली पारी के 172 रन के जवाब में खेल के दूसरे दिन चार विकेट पर 524 रन बनाकर पारी घोषित कर दी और दूसरी पारी में भी आयरलैंड के तीन विकेट निकाल लिए. आयरलैंड की टीम इंग्लैंड की पहली पारी की बढ़त से अभी 255 रन पीछे है और खेल के तीसरे दिन ही उस पर पारी की हार का खतरा मंडरा रहा है. इस मैच में इंग्लैंड के बल्लेबाज ओली पोप और बेन डकेट ने अपनी पारी से बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया. ओली पोप इंग्लैंड में सबसे तेज दोहरा शतक बनाने वाले बल्लेबाज बने, वहीं बेन डकेट ने 93 साल पुराना महान ऑस्ट्रेलियाई सर डॉन ब्रैडमैन का रिकॉर्ड तोड़ दिया.

ओली पोप ने लगाया इंग्लैंड में सबसे तेज दोहरा शतक:

ओली पोप ने इस मैच में टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक लगाया. पोप 83वें ओवर में एंडी मैकब्राइन की गेंद पर छक्का जड़कर अपना पहला दोहरा शतक पूरा किया. ओली पोप ने सिर्फ 207 गेंदों का सामना करते हुए दोहरा शतक जड़ा. यह इंग्लैंड में सबसे तेज दोहरा शतक है. इससे पहले यह रिकॉर्ड इयान बोथम के नाम था, जिन्होंने भारत के खिलाफ 1982 में 220 गेंद में दोहरा शतक बनाया था. पोप का यह ओवरऑल सातवां सबसे तेज दोहरा शतक है. ओली पोप 205 रन की पारी खेलकर आउट हुए.

टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड ने नाथन एस्टल के नाम है, जिन्होंने 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 153 गेंद में दोहरा शतक लगा दिया था. बेन स्टोक्स (163 गेंद) दूसरे, वीरेंद्र सहवाग (168 गेंद) तीसरे नंबर पर हैं.

बेन डकेट ने डॉन ब्रैडमैन का 93 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा:

वहीं इस मैच में बेन डकेट ने भी शानदार बल्लेबाजी की. उन्होंने घर पर अपना पहला टेस्ट मैच खेलते हुए 178 गेंदों पर 182 रन की पारी खेली. डकेट ने लॉर्ड्स में टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 150 रन (150 गेंद) बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज सर डॉन ब्रैडमैन का 93 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. ब्रैडमैन ने इससे पहले 1930 में लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ 166 गेंदों में 150 रनों की पारी खेली थी. केविन पीटरसन ने साल 2008 में 176 गेंद में 150 रन बनाया था. डकेट अपना पहला दोहरा शतक दर्ज करने से चूक गए और वह 182 रन के स्कोर पर ग्राहम ह्यूम की गेंद पर आउट हो गए.