पहले ही मैच में 300 पार गया स्कोर, स्टोक्स, मोर्गन, रूट ने ठोके अर्धशतक
इंग्लैंड ने साउथ अफ्रीका के सामने निर्धारित 50 ओवरों में 311/8 रन बनाए।
Published On May 30, 2019, 06:56 PM IST
Last UpdatedMay 30, 2019, 06:56 PM IST
Ben Stokes (File Photo) @ AFP
लंदन के केनिंगटन ओवल में खेले जा रहे विश्व कप के पहले मुकाबले में मेजबान इंग्लैंड ने साउथ अफ्रीका के सामने जीत के लिए 312 रनों का लक्ष्य रखा है।
ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने टीम लिए 79 गेंद पर सर्वाधिक 89 रन की पारी खेली। इसके अलावा कप्तान इयोन मोर्गन, जो रूट और जेसन रॉय नेे भी अर्धशतक जड़े। साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी ने तीन और इमरान ताहिर व कगीसो रबाडा ने दो-दो विकेट अपने नाम किए।
पढ़ें:- विश्व कप में पहला ओवर डालने वाले दुनिया के पहले स्पिनर बने इमरान ताहिर
साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने पारी की शुरुआत स्पिन गेंदबाज इमरान ताहिर से करवाई। उन्होंने पहले ही ओवर में सलामी बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो को चलता किया। बेयरस्टो बिना खाता खोले आउट हुए।
जिसके बाद जेसन रॉय 54(53) ने रूट 51(59) के साथ मिलकर मोर्चा संभाला। दोनों ने साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 106 रन की साझेदारी बनाई। इस दौरान दोनों ही बल्लेबाजों ने अपने अर्धशतक भी पूरे किए। 19वें ओवर में एंडिले फेहलुकवायो ने जेसन रॉय को चलता किया। फाफ डु प्लेसिस ने उनका कैच पकड़ा। 107 रन पर दूसरा विकेट गिरने के बाद 111 रन पर जो रूट भी पवेलियन लौट गए। कगीसो रबाडा ने उन्हें जेपी डुमिनी के हाथों कैच आउट कराया।
पढ़ें:- इंग्लैंड के लिए विश्व कप जीतना बहुत अच्छा होगा: ब्रेट ली
मोर्गन 57(60) ने जिसके बाद बेन स्टोक्स 89(79) के साथ मिलकर पारी को संभाला। चौथे विकेट के लिए दोनों के बीच 106 रन की साझेदारी बनी। इस जोड़ी को इमरान ताहिर ने 37वें ओवर में तोड़ा। ताहिर ने मोर्गन को एडन मार्करम के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद लगातार अंतराल पर इंग्लैंड ने विकेट खोए।
नए बल्लेबाज जोस बटलर 18 रन बनाकर आउट हुए तो मोइन अली ने महज तीन रन बनाए। क्रिस वोक्स 13 रन के निजी स्कोर पर कगीसो रबाडा का शिकार बने। अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाने के प्रयास में बेन स्टोक्स भी आउट हो गए। स्टोक्स ने 49वें ओवर में लुंगी एनगिडी की गेंद पर रिवर्स शॉट खेलने का प्रयास किया और वो हाशिम अमला के हाथों लपके गए।