×

ENG vs SL: श्रीलंका का लचर प्रदर्शन जारी, Joe Root ने इंग्लैंड को दिलाई जीत

श्रीलंका की पूरी पारी में सिर्फ 3 बल्लेबाज ही दहाई का अंक छू पाए. इसके अलावा उसकी पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई.

user-circle cricketcountry.com Written by India.com Staff
Last Published on - June 30, 2021 8:43 AM IST

इंग्लैंड दौरे पर गई श्रीलंकाई टीम टी20 सीरीज में अपने क्लीन स्वीप के बाद भी संभल नहीं पाई है और मंगलवार से शुरू हुई वनडे सीरीज के पहले मैच में भी उसे करारी हार का मुंह देखना पड़ा है. मेहमान टीम चेस्टर-ली-स्ट्रीट में खेले गए इस मुकाबले में सिर्फ 185 रन पर ढेर हो गई. जवाब में इंग्लैंड ने जो रूट (Joe Root) के शानदार (79*) रनों की बदौलत इंग्लैंड ने यह मैच अपने नाम कर लिया और सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली.

186 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड ने भले 100 रन के भीतकर अपने टॉप 4 विकेट गंवा दिए थे. लेकिन विकेटकीपर बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो 21 बॉल में 43 रन (6 चौके और 1 छक्का) ठोककर टीम की जीत का प्लेटफॉर्म सेट कर चुके थे.

नंबर 3 पर खेलने आए जो रूट ने पारी को अंत तक संभाले रखा और 87 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से नाबाद 79 रन की बदौलत 34.5 ओवर में पांच विकेट पर 189 रन बनाकर मैच जीता. इंग्लैंड के लिए मोईन अली ने भी धीमी लेकिन सधी हुई पारी खेली. उन्होंने 57 गेंदों में एक चौके की मदद से 28 रन बनाए. श्रीलंका की ओर से दुश्मंता चमीरा ने 3 विकेट लिए, जबकि बिुनरा फर्नाडो और चमीका करुणारत्ने को 1-1 विकेट मिला.

इससे पहले इंग्लैंड ने टॉस जीतकर श्रीलंका को बैटिंग का निमंत्रण दिया था. एक वक्त उसका स्कोर 145 रन पर तीन विकेट था. कप्तान कुसल परेरा (73) और वनिंदु हसरंगा (54) अपनी-अपनी फिफ्टी जमाकार क्रीज पर थे. लेकिन जैसे ही हसरंगा आउट हुए लंकाई पारी का पतन शुरू हो गया और पूरी टीम मात्र 185 रन पर ढेर हो गई.

कप्तान परेरा के 81 गेंदों पर 7 चौकों की मदद से 73 रन और वनिंदु हसारंगा के 65 गेंदों पर 6 चौकों और 1 छक्के के सहारे 54 रन बनाए. इस साझेदारी के टूटने के बाद श्रीलंकाई पारी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. इंग्लैंड की ओर से क्रिस वोक्स ने चार विकेट, डेविड विली ने 3 विकेट और मोइन ने एक विकेट लिया.