×

जीत के साथ स्टुअर्ट ब्रॉड की विदाई, एशेज सीरीज 2-2 की बराबरी पर खत्म

384 रन का लक्ष्य के जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने तीन विकेट पर 264 रन बना लिए थे, मगर इसके बाद इंग्लैंड ने मैच में वापसी की.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - July 31, 2023 11:27 PM IST

इंग्लैंड ने तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड (Stuart broad) को जीत के साथ विदाई दी है. ओवल में खेले गए आखिरी टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने खेल के आखिरी दिन ऑस्ट्रेलिया को 49 रन से हरा दिया. ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 384 रन का लक्ष्य था, ऑस्ट्रेलिया की टीम 334 रन पर ढेर हो गई. ऑस्ट्रेलिया की पारी के आखिरी दो विकेट स्टुअर्ट ब्रॉड के नाम रहा, जो इस मैच के बाद क्रिकेट से रिटायर हो रहे हैं. स्टुअर्ट ब्रॉड ने टेस्ट क्रिकेट में 604 विकेट के साथ करियर का अंत किया. मिशेल स्टॉर्क और क्रिस वोक्स को प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब दिया गया.

एशेज सीरीज दो-दो की बराबरी पर खत्म

इंग्लैंड की टीम ने इस जीत के साथ ही एशेज सीरीज को दो-दो की बराबरी पर खत्म किया. ऑस्ट्रेलिया की टीम ने एशेज सीरीज को रिटेन किया है. एशेज सीरीज के पहले दो मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीता था, जबकि तीसरे मैच में इंग्लैंड ने जीत दर्ज की थी, सीरीज का चौथा मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ था. आखिरी टेस्ट में इंग्लैंड को जीत मिली.

बारिश से प्रभावित हुआ मैच

384 रन के लक्ष्य के जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने शानदार शुरुआत की थी. बारिश से मैच प्रभावित हुआ, जिसकी वजह से लंच के बाद टी ब्रेक भी जल्दी लेना पड़ा. मगर बारिश के बाद जब खेल शुरू हुआ तो ऑस्ट्रेलिया की टीम ने एक समय तीन विकेट के नुकसान पर 264 रन बना लिए थे, स्टीव स्मिथ और ट्रेविस हेड की साझेदारी 95 रन की हो चुकी थी और मैच इंग्लैंड से दूर हो रहा था, मगर मोईन अली ने इस साझेदारी का अंत किया. ट्रेविस हेड 43 रन बनाकर आउट हुए. इस साझेदारी के टूटते ही ऑस्ट्रेलिया की टीम बिखर गई. स्टीव स्मिथ भी 54 रन बनाकर क्रिस वोक्स की गेंद पर पवेलियन लौट गए. वोक्स और मोईन अली की गेंदबाजी के आगे ऑस्ट्रेलिया बिखर गई. 294 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया ने आठ विकेट गंवा दिए,

स्टुअर्ट ब्रॉड ने लिए आखिरी दो विकेट

करियर का आखिरी मैच खेल रहे स्टुअर्ट ब्रॉड ने ऑस्ट्रेलिया की पारी के आखिरी दो विकेट अपने नाम किया. उन्होंने सबसे पहले टॉड मर्फी (18 रन) को अपना शिकार बनाया, उसके बाद एलेक्स कैरी (28 रन) के रुप में अपने करियर का आखिरी विकेट लिया.

ऑस्ट्रेलिया की टीम दूसरी पारी में 334 रन पर ढेर हो गई. उस्मान ख्वाजा ने सबसे ज्यादा 72 रन बनाए, वहीं डेविड वॉर्नर ने 60 रन की पारी खेली. इंग्लैंड के लिए क्रिस वोक्स ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए, मोईन अली को तीन सफलता मिली.