एंडरसन और रॉबिन्सन ने बरपाया कहर, इंग्लैंड ने पहले टेस्ट में पाकिस्तान को 74 रन से हराया
इंग्लैंड ने पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 343 रन का लक्ष्य रखा था, खेल के आखिरी दिन पाकिस्तान की टीम 268 रन पर ढेर हो गई
Published On Dec 05, 2022, 05:32 PM IST
Last UpdatedDec 05, 2022, 05:32 PM IST
England team (Photo-ICC Twitter page)
ओली रॉबिन्सन और जेम्स एंडरसन की घातक गेंदबाजी से रावलपिंडी में खेले गए पहले टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 74 रन से हरा दिया. इंग्लैंड ने पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 343 रन का लक्ष्य रखा था, खेल के आखिरी दिन पाकिस्तान की टीम 268 रन पर ढेर हो गई. पाकिस्तान के लिए साउद शकील और मोहम्मद रिजवान को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज दूसरी पारी में टिककर नहीं खेल सका. 22 साल बाद इंग्लैंड की टीम ने पाकिस्तान में टेस्ट मैच जीता है. इस जीत के साथ इंग्लैंड ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है. सीरीज का दूसरा मैच मुल्तान में नौ दिसंबर से खेला जाएगा.
इससे पहले खेल के आखिरी दिन पाकिस्तान को जीत के लिए 263 रन की जरूरत थी और उसके आठ विकेट शेष थे. जेम्स एंडरसन ने खेल के पहले सत्र में इमाम उल हक (48 रन) को आउट किया. इसके बाद मोहम्मद रिजवान और सऊद शकील ने 87 रन जोड़े. मोहम्मद रिजवान ने 46 रन की पारी खेली और वह भी जेम्स एंडरसन का शिकार बने. आगा सलमान ने 30 रन का योगदान दिया, वहीं सऊद शकील ने अर्धशतक जड़ा और 76 रन की पारी खेली. अजहर अली (40 रन) के आउट होते ही पाकिस्तान की उम्मीदें खत्म हो गई. आखिरी विकेट के लिए नसीम शाह और मोहम्मद अली ने 10 ओवर खेलकर मैच में रोमांच बनाए रखा, मगर जैक लीच ने नसीम शाह का विकेट लेकर इंग्लैंड को 74 रन से जीत दिला दी. जेम्स एंडरसन और ओली रॉबिन्सन ने चार-चार विकेट लिए. बेन स्टोक्स और जैक लीच को एक-एक सफलता मिली.
बता दें कि इंग्लैंड ने पहली पारी में जैक क्राउली, बेन डकेट, ओली पोप और हैरी ब्रूक के शतक से 657 रन बनाए थे, जवाब में पाकिस्तान की टीम ने अब्दुल्ला शफीक, इमाम उल हक और बाबर आजम के शतक से 579 रन बनाए. इंग्लैंड ने दूसरी पारी में सात विकेट पर 264 रन बनाकर पारी घोषित कर दी और पाकिस्तान को 343 रन का लक्ष्य दिया था, पाकिस्तान की टीम 268 रन पर ढेर हो गई.
स्कोरकार्ड:
इंग्लैंड पहली पारी-657/10
जैक क्राउली- 122 रन, बेन डकेट-107 रन, ओली पोप-108 रन, हैरी ब्रूक-153 रन
जाहिद महमूद- चार विकेट, नसीम शाह- तीन विकेट
पाकिस्तान पहली पारी- 579/10
अब्दुल्ला शफीक-114 रन, इमाम उल हक- 121 रन, बाबर आजम-136 रन
विल जैक्स- छह विकेट
इंग्लैंड दूसरी पारी- 264/7- घोषित
हैरी ब्रूक-87 रन, जो रूट-73 रन, जैक क्राउली-50 रन
नसीम शाह- दो विकेट, जाहिद महमूद- दो विकेट, मोहम्मद अली-दो विकेट
पाकिस्तान दूसरी पारी- 268/10
सऊद शकील-76 रन, इमाम उल हक-48 रन
जेम्स एंडरसन- चार विकेट, ओली रॉबिन्सन- चार विकेट