Womens T20 World Cup: इंग्लैंड से हारकर डिफेंडिंग चैंपियन न्यूजीलैंड बाहर, वेस्टइंडीज की सेमीफाइनल में एंट्री

इंग्लैंड की टीम ने ग्रुप स्टेज के अपने सभी पांच मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया है. वहीं वेस्टइंडीज ने पांच मुकाबलों में से 3 मैच जीतते हुए अंतिम चार में अपनी जगह पक्की की.

Edited By : Akhilesh Tripathi |Jun 28, 2026, 08:40 AM IST

Published On Jun 28, 2026, 08:40 AM IST

Last UpdatedJun 28, 2026, 08:40 AM IST

NZ Women team

NZ Women team

डिफेंडिंग चैंपियन न्यूजीलैंड महिला टी-20 विश्व कप 2026 से बाहर हो गई है. इंग्लैंड ने शनिवार को खेले गए मैच में न्यूजीलैंड को नौ विकेट से हरा दिया. न्यूजीलैंड की हार के साथ महिला टी20 विश्व कप 2026 में ग्रुप बी से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दो टीमें तय हो चुकी हैं. इंग्लैंड के अलावा वेस्टइंडीज ने इस ग्रुप से सेमीफाइनल में जगह बनाई है.

इंग्लैंड की टीम ने ग्रुप स्टेज के अपने सभी पांच मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया है. वहीं वेस्टइंडीज ने पांच मुकाबलों में से 3 मैच जीतते हुए अंतिम चार में अपनी जगह पक्की की. वेस्टइंडीज के साथ-साथ श्रीलंका के भी छह प्वाइंट थे, लेकिन कैरेबियाई टीम बेहतर नेट रन रेट की वजह से सेमीफाइनल में पहुंच गई. अब श्रीलंका का भी टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया है. इस ग्रुप से स्कॉटलैंड और आयरलैंड की टीम पहले ही सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो चुकी थीं.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

ग्रुप ए की दूसरी टीम का आज होगा फैसला

हालांकि ग्रुप ए में सेमीफाइनल की रेस रोमांचक बनी हुई है. रविवार को ग्रुप के दो बड़े मुकाबले खेले जाने हैं, जिनसे सेमीफाइनल की तस्वीर साफ हो जाएगी. दिन के पहले मैच में साउथ अफ्रीका की भिड़ंत बांग्लादेश से होनी है, वहीं, दूसरे मैच में भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया से होना है। भारतीय टीम अगर ऑस्ट्रेलिया को हराने में सफल रहती है, तो वह सीधा अंतिम चार में प्रवेश कर जाएगी.

टीम इंडिया का रन रेट बेहतर, मगर ऑस्ट्रेलिया से चाहिए जीत

हालांकि, अगर भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ता है और साउथ अफ्रीका ग्रुप स्टेज का अपना आखिरी मैच जीत लेती है, तो प्रोटियाज टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी. अगर भारत ऑस्ट्रेलिया को हरा देता है और साउथ अफ्रीका बांग्लादेश के खिलाफ जीत दर्ज करने में कामयाब रहता है, तो भी बेहतर नेट रन रेट होने की वजह से भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी.

INDW VS AUSW: सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए हर हाल में चाहिए जीत, मंधाना ने बताया गेम प्लान

डैनी व्याट की आतिशी पारी से इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को रौंदा

इस मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में छह विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 163 रन लगाए. टीम को कप्तान अमेलिया केर और इसाबेला गेज ने दमदार शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 9.6 ओवर में 70 रन जोड़े. गेज की पारी धीमी रही और वह 27 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुईं. वहीं, केर ने 34 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 42 रन बनाए. सोफी डिवाइन ने 14 गेंदों में एक चौका और तीन छक्के लगाते हुए 30 रन बनाए.

इजी शार्प बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकीं और बिना खाता खोले पवेलियन लौटीं. वहीं, ब्रॉक हॉलिडे ने 17 गेंदों में 20 रनों का योगदान दिया, जबकि मेडी ग्रीन 17 रन बनाकर नाबाद रहीं. सूजी बेट्स ने रनआउट होने से पहले 13 गेंदों में 19 रन बनाए. गेंदबाजी में इंग्लैंड की तरफ से डैनी गिब्सन ने 30 रन देकर सर्वाधिक 2 विकेट चटकाए, जबकि फ्रेया केम्प और लॉरेन बेल ने एक-एक विकेट चटकाया.

उलटफेर का शिकार हुई वेस्टइंडीज, विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में आयरलैंड ने जीता पहला मैच

डैनी व्याट और सोफी डंकले की धमाकेदार पारी

न्यूजीलैंड से मिले 164 रनों के लक्ष्य को इंग्लैंड ने सिर्फ एक विकेट खोकर 17.2 ओवर में हासिल किया. इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और एमी जोन्स का खराब प्रदर्शन इस मुकाबले में भी जारी रहा. जोन्स सिर्फ 17 रन बनाकर आउट हुईं. हालांकि, इसके बाद डैनी व्याट और सोफी डंकले ने मोर्चा संभाला और कीवी टीम को वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया.

दोनों के बीच 128 रन की नाबाद साझेदारी

दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 80 गेंदों में 128 रनों की अटूट साझेदारी जमाई और इंग्लैंड को धमाकेदार जीत दिलाकर लौटीं. व्याट ने अपनी दमदार फॉर्म जारी रखते हुए सिर्फ 53 गेंदों में 89 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 15 चौके और एक छक्का लगाया. वहीं, डंकले 38 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 49 रन बनाकर नाबाद रहीं. न्यूजीलैंड की तरफ से एकमात्र विकेट नेन्सी पटेल को मिला.

Editor's Pick