add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

T20 WC 2024: क्रिस जॉर्डन की हैट्रिक, जोस बटलर की तूफानी पारी, इंग्लैंड ने सेमीफाइनल में बनाई जगह

रविवार को ग्रुप-2 के मैच में अमेरिका की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 116 रन पर ढेर हो गई. क्रिस जॉर्डन ने चार और आदिल रशीद ने दो विकेट चटकाए, इंग्लैंड ने इस लक्ष्य को 9.4 ओवर में हासिल कर लिया.

user-circle cricketcountry.com Written by Press Trust of India
Last Updated on - June 23, 2024 11:25 PM IST

बारबाडोस. गत चैम्पियन इंग्लैंड ने तेज गेंदबाज क्रिस जोर्डन की हैट्रिक के बाद कप्तान जोस बटलर (नाबाद 83 रन) के तूफानी अर्धशतक से रविवार को यहां सुपर आठ के मैच में सह मेजबान अमेरिका को 10 विकेट से रौंदकर शान से टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में प्रवेश किया. इंग्लैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला करने के बाद जोर्डन की हैट्रिक और अन्य गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से अमेरिका को 18.5 ओवर में 115 रन पर ढेर कर दिया.

बटलर की 38 गेंद में छह चौके और सात छक्के जड़ित आतिशी पारी से इंग्लैंड 9.4 ओवर में 117 रन बनाकर टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में स्थान पक्का करने वाली पहली टीम बनी.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

लक्ष्य का पीछा करने उतरे सॉल्ट और बटलर ने पहले दो ओवर संभलकर खेलने के बाद हाथ खोले. बटलर ने सात में से पांच छक्के हरमीत सिंह की गेंदों पर जड़े जिससे नौंवे ओवर में 32 रन बने, सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट ने नाबाद 25 रन बनाए.

जोर्डन ने एक ओवर में चटकाए चार विकेट

मार्क वुड की जगह अंतिम एकादश में शामिल किये गये जोर्डन ने 2.5 ओवर में 10 रन देकर चार विकेट झटके. बारबाडोस में जन्में 36 वर्षीय जोर्डन ने 19वें ओवर में हैट्रिक सहित सभी चारों विकेट झटककर दिन अपने लिये यादगार बना दिया। वह इस तरह टी20 विश्व कप इतिहास में एक ओवर में चार विकेट झटकने वाले दूसरे गेंदबाज भी बने. आयरलैंड के कर्टिस कैम्फर ने अबुधाबी में टूर्नामेंट के 2021 चरण में नीदरलैंड के खिलाफ एक ओवर में चार विकेट झटके थे.

इंग्लैंड के लिए टी20 में पहली हैट्रिक लेने वाले गेंदबाज बने जॉर्डन

जोर्डन ने पहले कोरी एंडरसन (29 रन) को आउट किया। अगली गेंद पर कोई रन नहीं बना। इसके बाद उन्होंने अली खान, नॉस्थुश केनजिगे और सौरभ नेत्रावलकर को लगातार गेंदों पर आउट कर इंग्लैंड के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय में पहली हैट्रिक बनायी. सैम करन (13 रन देकर दो विकेट) ने 18वें ओवर की अंतिम गेंद पर हरमीत सिंह (21 रन, 17 गेंद) को आउट कर अमेरिका के लगातार विकेट गिरने का सिलसिला शुरू किया, इससे अमेरिका ने 115 रन के स्कोर पर छह गेंद में पांच विकेट गंवा दिए.

आदिल रशीद ने 12 रन देकर दो विकेट चटकाये जबकि रीस टॉप्ले और लियाम लिविंगस्टोन ने एक एक विकेट प्राप्त किया. एंड्रियस गौस ने पहले ही ओवर में टॉप्ले की गेंद को फाइन लेग में छक्के के लिए पहुंचाया लेकिन दो गेंद बाद इसी शॉट को खेलने की कोशिश में फिल सॉल्ट को डीप स्क्वायर लेग पर कैच थमा बैठे. स्टीवन टेलर फिर रन आउट होने से बचे.

TRENDING NOW

दूसरे छोर पर नितीश कुमार ने जोफ्रा आर्चर की गेंद को थर्ड मैन पर छक्के के लिए भेजा. कनाडा में जन्में 30 साल के नितीश ने फिर टॉप्ले पर शानदार चौका जड़ने के बाद लांग ऑन पर छक्का जमाया. करन ने टेलर को बैकवर्ड प्वाइंट पर मोइन अली के हाथों कैच आउट कराकर टी20 अंतरराष्ट्रीय में अपना 50वां विकेट झटका, इससे पावरप्ले में अमेरिका का स्कोर दो विकेट पर 48 रन था।

कप्तान आरोन जोन्स ने आते ही थर्ड मैन पर चौका लगाया. जोस बटलर ने गेंद लेग स्पिनर रशीद को थमाई जिन्होंने अपने दूसरे ही ओवर में खूबसूरत गुगली पर जोन्स को बोल्ड कर दिया. फिर रशीद ने गुगली से ही नितीश की भी पारी समाप्त की जिन्होंने 24 गेंद में एक चौका और दो छक्के लगाए. लिविंगस्टोन ने फिर 14वें ओवर के अंत में मिलिंद कुमार को आउट किया जिससे स्कोर पांच विकेट पर 88 रन था। 17वें ओवर में अमेरिका ने 100 रन पूरे किए. अगले ओवर में हरमीत ने आउट होने से पहले करन पर एक छक्के और एक चौके से 14 रन जुटाए. उनके आउट होने के बाद पूरी टीम पवेलियन पहुंच गई.