'वर्ल्ड कप जीतने के दावेदार नहीं...', फुटबॉल के महाकुंभ के आगाज से पहले ये क्या बोल गए इंग्लिश कोच
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के आगाज से पहले इंग्लैंड टीम के कोच ने चौंकाने वाला बयान देते हुए कहा कि हमारी टीम खिताब जीतने की दावेदार नहीं है.
Published On Jun 10, 2026, 12:03 PM IST
Last UpdatedJun 10, 2026, 12:03 PM IST
English Coach Shocking Statement: एक ओर फीफा वर्ल्ड कप को लेकर सभी टीमें जीत की दावेदारी ठोक रहे हैं तो दूसरी ओर इंग्लैंड टीम के कोच अलग तरह के बयान देते हुए नजर आ रहे हैं. हाल ही में इंग्लिश कोच थॉमस टुचेल ने ऐसा बयान दिया है जिसकी काफी चर्चा हो रही है. थॉमस ने सीधा कहा कि इंग्लैंड की टीम वर्ल्ड कप जीतने की कोई प्रबल दावेदार नहीं है.
इंग्लैंड खिताब की प्रबल दावेदार नहीं
सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, टुचेल ने यह बात ऑरलैंडो में कोस्टा रिका के खिलाफ इंग्लैंड के आखिरी वॉर्म-अप मैच से पहले कही. इससे पहले, इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 1-0 से हराया था, लेकिन टीम का प्रदर्शन बहुत प्रभावशाली नहीं रहा था. जब पत्रकारों ने टुचेल से पूछा कि क्या इंग्लैंड वर्ल्ड कप जीतने की प्रमुख दावेदारों में शामिल है, तो उन्होंने साफ कहा कि उनकी टीम प्रबल दावेदार नहीं है. उन्होंने कहा कि दुनिया में कई ऐसी टीमें हैं, जिन्होंने हाल के वर्षों में बड़े टूर्नामेंट जीते हैं और उनका रिकॉर्ड इंग्लैंड से बेहतर है.
टुचेल ने कहा कि उनकी टीम बड़े सपने जरूर देखती है और खिताब जीतने की कोशिश करेगी, लेकिन फिलहाल वह खुद को चुनौती देने वाली टीम के रूप में देख रहे हैं. उनके अनुसार, खिलाड़ियों का पूरा ध्यान मेहनत, तैयारी और लगातार बेहतर प्रदर्शन करने पर है. उन्होंने कहा कि टीम टूर्नामेंट में पूरी ताकत के साथ उतरेगी, पर केवल दावेदार कहलाने से कोई टीम चैंपियन नहीं बन जाती.
लंबे समय से है इंग्लैंड को खिताब का इंतजार
इंग्लैंड के कोच ने टीम की कप्तानी को लेकर भी अपनी सोच साझा की. उन्होंने बताया कि हैरी केन टीम के कप्तान हैं और इसमें कोई बदलाव नहीं होगा. वहीं, डेक्लान राइस को उपकप्तान बनाया गया है. टुचेल ने कहा कि उन्होंने यह फैसला काफी पहले कर लिया था, क्योंकि राइस मैदान पर टीम को अच्छी तरह संभालते हैं.
उन्होंने राइस की तारीफ करते हुए कहा कि उनका फुटबॉल नॉलेज शानदार है. वे खेल की गति, रणनीति और टीम के संतुलन को अच्छी तरह समझते हैं. राइस इस समय यूरोप के सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डरों में से एक हैं और बेहतरीन फॉर्म में हैं.
कोच ने यह भी बताया कि फिलहाल इंग्लैंड के कैंप का माहौल काफी शांत और सकारात्मक है. हालांकि जैसे-जैसे टूर्नामेंट नजदीक आएगा, खिलाड़ियों पर दबाव बढ़ना स्वाभाविक है. उन्होंने कहा कि टीम मानसिक और शारीरिक रूप से खुद को तैयार कर रही है. इंग्लैंड अपना वर्ल्ड कप अभियान 17 जून को क्रोएशिया के खिलाफ मुकाबले से शुरू करेगा. इस मैच पर दुनियाभर के फुटबॉल प्रशंसकों की नजरें रहेंगी.