- क्रिकेट न्यूज़
- News
- England in strong position after joe root and Jonny Bairstow innings in Oval test
Eng vs Aus 5th Test Day 3: जो रूट और बेयरस्टो की पारी से इंग्लैंड का पलड़ा भारी
जो रूट शतक से चूक गए और 91 रन की पारी खेलकर आउट हुए, वहीं बेयरस्टो ने 78 रन का योगदान दिया.
Published On Jul 30, 2023, 12:46 AM IST
Last UpdatedJul 30, 2023, 12:46 AM IST
Oval test (Photo credit-ICC)
इंग्लैंड ने जो रूट की 91 रन की पारी से शनिवार को यहां पांचवें और अंतिम एशेज टेस्ट के तीसरे दिन स्टंप तक आस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनी कुल बढ़त 377 रन की कर ली. इंग्लैंड ने नौ विकेट पर 389 रन बना लिये हैं, उसके 11वें नंबर के खिलाड़ी जेम्स एंडरसन ने दिन के अंतिम ओवर में दो चौके जड़े. एंडरसन आठ और ब्रॉड दो रन बनाकर क्रीज पर खेल रहे हैं.
स्टॉर्क ने चार और मर्फी ने तीन विकेट लिए
इंग्लैंड के लिए जैक क्राउली (73 रन), बेन डकेट (42 रन), बेन स्टोक्स (42 रन) और जॉनी बेयरस्टो (78 रन) ने अहम योगदान किये. ऑस्ट्रेलिया के लिए तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क ने 94 रन देकर चार विकेट झटके जबकि स्पिनर टॉड मर्फी ने 110 रन देकर तीन विकेट चटकाये.
आस्ट्रेलिया ने पहले ही एशेज बरकरार रख ली है और टीम श्रृंखला में 2-1 से आगे चल रही है, मेजबान टीम को श्रृंखला में बराबरी के लिए इस मैच में जीतना जरूरी है.
जैक क्राउली ने फिर खेली शानदार पारी
ऑस्ट्रेलिया ने अंतिम सत्र में पांच और दूसरे सत्र में तीन विकेट हासिल किये. पहले सत्र में इंग्लैंड ने एक विकेट गंवाया था. जैक क्राउली लंच के बाद सत्र में अपनी पारी में केवल दो रन ही जोड़ सके और 73 रन बनाकर आउट हुए. पैट कमिंस (64 रन देकर एक विकेट) की गेंद को ड्राइव करने के प्रयास में वह बल्ला छुआकर स्लिप में खड़े स्टीव स्मिथ को कैच दे बैठे. इससे क्राउली की शानदार एशेज श्रृंखला का अंत हुआ जिन्होंने नौ पारियों में कुल 480 रन बनाये.
रूट लगातार तीन चौके जड़कर अर्धशतक के करीब पहुंचे और टॉड मर्फी की गेंद पर एक रन लेकर पचासा पूरा किया, पर इस ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर ने बेन स्टोक्स (42 रन) का विकेट झटक लिया. इंग्लैंड के कप्तान ने मोईन अली के चोटिल होने के कारण तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी की लेकिन वह अर्धशतक से पहले ही आउट हो गये.
स्टोक्स ने मर्फी की गेंद को मिड-ऑन पर हिट करने का प्रयास किया लेकिन कमिंस को कैच देकर पवेलियन पहुंच गये। इससे इंग्लैंड का स्कोर तीन विकेट पर 213 रन हो गया. हैरी ब्रुक के सात रन पर आउट होने के बावजूद इंग्लैंड ने चाय तक 250 रन का आंकड़ा पार कर लिया था, वह जोश हेजलवुड की गेंद पर विकेटकीपर एलेक्स कैरी को कैच दे बैठे. बेन डकेट ने पहले सत्र में 42 रन की अपनी पारी के दौरान सात चौके जड़े, वह मिशेल स्टार्क की गेंद पर विकेटकीपर को कैच देकर आउट हुए.
आखिरी सत्र ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों के नाम रहा
तीसरे दिन के खेल का आखिरी सत्र ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों के नाम रहा. आखिरी सत्र में ऑस्ट्रेलिया ने पांच विकेट चटकाए. खेल के आखिरी सत्र में ऑस्ट्रेलिया ने जो रूट, जॉनी बेयरस्टो, क्रिस वोक्स, मोईन अली और मार्क वुड का विकेट गंवाया. पांच विकेट में तीन विकेट मिशेल स्टॉर्क के नाम रहा.
इनपुट- पीटीआई भाषा
आस्ट्रेलियाई टीम दूसरे दिन अंतिम गेंद पर पहली पारी में 295 रन पर सिमट गयी थी। इंग्लैंड ने पहली पारी में 283 रन बनाये थे।