×

लॉर्ड्स टेस्ट: दोहरे शतक की तरफ बढ़ रहे हैं डेवोन कॉन्वे, लंच तक न्यूजीलैंड 314/7

न्यूजीलैंड ने लॉर्ड्स मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन लंच ब्रेक तक सात विकेट पर 314 रन बना लिए हैं।

user-circle cricketcountry.com Written by India.com Staff
Last Published on - June 3, 2021 7:00 PM IST

सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉन्वे (Devon Conway) की 179 रन की शानदार पारी के दम पर न्यूजीलैंड ने लॉर्ड्स मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन लंच ब्रेक तक सात विकेट पर 314 रन बना लिए हैं।

लंच ब्रेक होने तक कॉन्वे 314 गेंदों पर 21 चौकों की मदद से 179 रन और काइल जैमिसन 17 गेंदों पर एक चौके के सहारे सात रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। इंग्लैंड की ओर से ओली रॉबिंसन (Ollie Robinson) और मार्क वुड (Mark Wood) ने तीन-तीन विकेट जबकि जेम्स एंडरसन ने अब तक एक विकेट लिया है।

न्यूजीलैंड ने इससे पहले तीन विकेट पर 246 रन से आगे खेलना शुरू किया और कॉन्वे ने 136 तथा हेनरी निकोलस ने 46 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई। दोनों बल्लेबाजों ने अच्छी पारी खेलते हुए न्यूजीलैंड को मजबूत स्कोर की ओर बढ़ाया तथा निकोलस ने अर्धशतक जड़ दिया।

दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 174 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी को वुड ने निकोलस को आउट कर तोड़ा। निकोलस ने 175 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 61 रन बनाए। इसके बाद वुड और रॉबिंसन ने इंग्लैंड की मैच में वापसी कराई और न्यूजीलैंड की पारी को लड़खड़ा दिया।

निकोलस के आउट होने के बाद न्यूजीलैंड ने बीजे वाटलिंग (1), कॉलिन डी ग्रैंड होम (0) और मिशेल सेंटनर (0) के विकेट महज छह रन के अंदर गंवाए। इस बीच, कॉन्वे अपनी पारी जारी रखते हुए दोहरे शतक की ओर अग्रसर हो गए हैं और टीम को बड़े स्कोर तक ले जाने का जिम्मा उनके ऊपर है।