England vs Pakistan 3rd Test: कप्तान अजहर अली के नाबाद शतक के बावजूद पाकिस्तान फॉलोऑन खेलने को मजबूर

इंग्लैंड को पहली पारी में 310 रन की बढ़त प्राप्त हुई

Edited By : India.com Staff |Aug 24, 2020, 09:45 AM IST

Published On Aug 24, 2020, 09:45 AM IST

Last UpdatedAug 24, 2020, 09:45 AM IST

England vs Pakistan 3rd Test: मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ पाकिस्तान को सीरीज के तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच के तीसरे दिन फॉलोऑन खेलने पर मजबूर होना पड़ा. कप्तान अजहर अली (Azhar Ali) के नाबाद शतक के बावजूद पाकिस्तान की पहली पारी 273 रन पर ही सिमट गई. अजहर ने 272 गेंद में 21 चौकों की मदद से नाबाद 141 रन की पारी खेलने के अलावा मोहम्मद रिजवान ( Mohammad Rizwan 53) के साथ उस समय छठे विकेट के लिए 138 रन की साझेदारी की जब टीम 75 रन पर पांच विकेट गंवाने के बाद संकट में थी.

इंग्लैंड को पहली पारी में 310 रन की लीड मिली. खराब रोशनी के कारण हालांकि पाकिस्तान की दूसरी पारी शुरू नहीं हो सकी. इंग्लैंड ने पहली पारी आठ विकेट पर 583 रन बनाने के बाद घोषित की थी.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

पेसर जेम्स एंडरसन ने 5 विकेट चटकाए  

इंग्लैंड की ओर से तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन (James Anderson) ने 56 रन देकर 5 विकेट चटकाए. उन्होंने करियर में 29वीं बार पारी में पांच या इससे अधिक विकेट हासिल किए. एंडरसन ने इसके साथ अपने टेस्ट विकेटों की संख्या को 598 तक पहुंचाया. स्टुअर्ट ब्रॉड ने भी 40 रन देकर दो विकेट चटकाए.

पाकिस्तान की टीम सुबह तीन विकेट पर 24 रन से आगे खेलने उतरी. वर्षा से प्रभावित सुबह के सत्र में एंडरसन ने एक विकेट चटकाकर लंच तक पाकिस्तान का स्कोर चार विकेट पर 41 रन किया.

एक समय पाक का स्कोर 4 विकेट पर 30  रन था 

शनिवार को तीन विकेट चटकाने वाले एंडरसन ने असद शाफिक (05) को पहली स्लिप में रूट के हाथों कैच कराया जिससे पाकिस्तान का स्कोर चार विकेट पर 30 रन हो गया. इसके तुरंद बाद बारिश आ गई और खिलाड़ियों को वापस लौटना पड़ा. थोड़ी देर में खेल दोबारा शुरू हुआ लेकिन आधे घंटे बाद तेज बारिश के कारण एक बार फिर खेल रोकना पड़ा और लंच का विश्राम जल्दी लेना पड़ा.

पाकिस्तान ने दूसरे सत्र में फवाद आलम (21) के रूप में एकमात्र विकेट गंवाया. ऑफ स्पिनर डोम बेस की गेंद पर विकेटकीपर जोस बटलर ने उनका शानदार कैच लपका. इस श्रृंखला में हालांकि विकेटकीपिंग के लिए बटलर को आलोचना का सामना करना पड़ा है.

अजहर अपनी इस पारी के दौरान 43 रन पूरे करते ही टेस्ट क्रिकेट में 6000 रन पूरे करने वाले पाकिस्तान के पांचवें बल्लेबाज बने. अजहर ने बेस की गेंद पर चौके के साथ 205 गेंद में 17वां टेस्ट शतक पूरा किया. इससे पहले रिजवान ने भी क्रिस वोक्स पर छक्के के साथ लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा किया.

रिजवान हालांकि इसके बाद अधिक देर नहीं टिक सके और वोक्स की ही लेग साइड से बाहर जाती गेंद को खेलने के प्रयास में विकेटकीपर बटलर को कैच दे बैठे. उन्होंने 113 गेंद की अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का मारा.

एंडरसन ने नसीम शाह को बनाया 5वां शिकार 

इंग्लैंड ने 80 ओवर के बाद नई गेंद ली और स्टुअर्ट ब्रॉड ने नई गेंद से दूसरे ओवर में ही यासिर शाह (20) को कप्तान रूट के हाथों कैच कराके पाकिस्तान को सातवां झटका दिया. ब्रॉड ने इसके बाद शाहीन शाह आफरीदी (03) की पारी का अंत किया जिनका बटलर ने शानदार कैच लपका.

एंडरसन के पारी के 87वें ओवर में अजहर और मोहम्मद अब्बास दोनों को जीवनदान मिला. अजहर का कैच दूसरी स्लिप में रोरी बर्न्स जबकि अब्बास का चौथी स्लिप में जैक क्राउली ने टपकाया.

एंडरसन के अगले ओवर में अजहर का एक और कैच ब्रॉड ने टपकाया लेकिन अब्बास रन आउट हो गए. उन्होंने एक रन बनाया. एंडरसन ने इसके बाद नसीम शाह (00) को डोम सिब्ले के हाथों कैच कराके पाकिस्तान की पारी का अंत किया और पारी में पांच विकेट हासिल किए.

Editor's Pick