T20 World cup 2024: बारिश से रद्द हुआ इंग्लैंड-स्कॉटलैंड मैच, दोनों टीमों को मिले एक-एक अंक
बारिश से प्रभावित मैच में माइकल जोन्स और जार्ज मुंशी की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से स्कॉटलैंड ने 10 ओवर में बिना किसी नुकसान के 90 रन बनाए, दूसरी पारी का खेल नहीं हो सका.
Published On Jun 05, 2024, 12:40 AM IST
Last UpdatedJun 05, 2024, 12:40 AM IST
(Image credit-ICC)
बारबाडोस.टी-20 विश्व कप 2024 में इंग्लैंड और स्कॉटलैंड के बीच खेला गया मुकाबला बारिश से रद्द हो गया. ग्रुप बी के इस मुकाबले में बारिश की वजह से कई बार बाधा आई. बारिश रुकने के बाद मुकाबले को 10-10 ओवर का किया गया, मगर स्कॉटलैंड की पारी के बाद एक बार फिर से बारिश शुरू हो गई और मैच को रद्द करना पड़ा.
स्कॉटलैंड की टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला लिया. स्कॉटलैंड के ओपनर्स माइकल जोन्स और जार्ज मुंशी ने टीम को विस्फोटक शुरुआत दिलाई. 6.1 ओवर में स्कॉटलैंड ने बिना किसी नुकसान के 51 रन बना लिए. इसके बाद मैच को बारिश की वजह से रोकना पड़ा. बारिश ने खेल को काफी प्रभावित किया, जिसकी वजह से मैच को 10-10 ओवर का खेलने का फैसला लिया गया.
माइकल जोन्स और जार्ज मुंशी की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी
माइकल जोन्स और जार्ज मुंशी की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से स्कॉटलैंड ने 10 ओवर में बिना किसी नुकसान के 90 रन बनाए. माइकल जोन्स 30 गेंद में 45 रन (04 चौके, 02 छक्के) और जार्ज मुंशी 31 गेंद में 41 रन (04 चौके, 02 छक्के) बनाकर नाबाद रहे. मार्क वुड, जोफ्रा ऑर्चर और मोइन अली ने किफायती गेंदबाजी की. वुड ने दो ओवर में 11 रन दिए, वहीं ऑर्चर ने 12 रन खर्च किए. मोईन अली के दो ओवर में 15 रन बने. क्रिस जॉर्डन (24 रन) और आदिल रशीद (26 रन) महंगे साबित हुए.
दोनों टीमों को मिले एक-एक अंक
इंग्लैंड की पारी से ठीक पहले बारिश ने फिर दस्तक दी और उसके बाद मैच को रद्द करने का फैसला लिया गया. इंग्लैंड और स्कॉटलैंड दोनों ही टीमों को एक-एक अंक मिला.