×

AUS VS ENG: खत्म हुआ 15 साल का इंतजार, इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया में जीता टेस्ट, मेलबर्न में चार विकेट से मिली जीत

खेल के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी 132 रन पर सिमट गई. इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 175 रन का टारगेट था, इंग्लैंड ने छह विकेट खोकर हासिल कर लिया.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - December 27, 2025 12:11 PM IST

AUS VS ENG 4th Test: इंग्लैंड की टीम ने मेलबर्न टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को चार विकेट से हरा दिया. खेल के दूसरे दिन ही 175 रन के टारगेट को इंग्लैंड ने छह विकेट खोकर हासिल कर लिया. 15 साल बाद इंग्लैंड को ऑस्ट्रेलिया में जीत मिली है. इससे पहले इंग्लैंड की ऑस्ट्रेलिया में आखिरी टेस्ट जीत 2010/11 एशेज सीरीज के आखिरी मैच में हुई थी. सिडनी में खेले गए मैच में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को एक पारी और 83 रनों से हराया था और सीरीज पर 3-1 से कब्जा किया था.

175 रन के टारगेट का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने जैक क्राउली और बेन डकेट के बीच अर्धशतकीय साझेदारी से शानदार शुरुआत की. 51 रन के स्कोर पर इंग्लैंड ने बेन डकेट (34) के रुप में पहला विकेट गंवाया. नंबर तीन पर भेजे गए ब्रायडन कार्स (06) फ्लॉप रहे. मगर जैक क्राउली (37) और जैकब बैथल (40) ने 47 रन की साझेदारी कर इंग्लैंड की वापसी कराई. जो रूट (15) और बेन स्टोक्स (02) ने भी निराश किया, मगर हैरी ब्रूक ने नाबाद 18 रन और जेमी स्मिथ ने नाबाद तीन रन की पारी खेलकर इंग्लैंड को 32.2 ओवर में ही जीत दिला दी. मेलबर्न में खेला गया यह टेस्ट मैच महज दो दिन में ही खत्म हो गया. दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टॉर्क, स्कॉट बोलैंड और झाय रिचर्डसन ने दो-दो विकेट चटकाए.

एशेज 2025-2026 में इंग्लैंड की यह पहली जीत है. ऑस्ट्रेलिया की टीम पहले ही सीरीज पर कब्जा कर लिया है.

ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी 132 रन पर सिमटी

पहले दिन 20 विकेट गिरने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने दिन की शुरुआत बिना किसी नुकसान के चार रन से की थी, पहले विकेट के रूप में स्कॉट बोलैंड 22 के स्कोर पर आउट हुए. स्कॉट बोलैंड 6 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरे और पूरी टीम 132 रन पर सिमट गई. ट्रेविस हेड 46 रन बनाकर आउट हुए, वहीं कप्तान स्टीव स्मिथ 24 रन बनाकर नाबाद रहे. कैमरुन ग्रीन ने 19 रन की पारी खेली. इन तीनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज दो अंक में नहीं पहुंच सका, तीन बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके. इंग्लैंड के लिए ब्रायडन कार्स ने 04, कप्तान बेन स्टोक्स ने 03, जोश टंग ने 02 और गस एटकिंसन ने 01 विकेट लिए.

पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया को मिली थी बढ़त

ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी (152) के जवाब में इंग्लैंड अपनी पहली पारी में 110 रन पर सिमट गई थी. इंग्लैंड के लिए हैरी ब्रूक ने 41, गस एटकिंसन ने 28 और कप्तान बेन स्टोक्स ने 16 रन बनाए थे. पहली पारी के आधार पर इंग्लैंड ऑस्ट्रेलिया से 42 रन से पिछड़ गई थी. ऑस्ट्रेलिया के लिए पहली पारी में माइकल नेसर ने 4, स्कॉट बोलैंड ने 3, मिचेल स्टार्क ने 2, और कैमरन ग्रीन ने 1 विकेट लिए थे.

TRENDING NOW

मेलबर्न टेस्ट में खेल के पहले दिन टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया अपनी पहली पारी में 152 रन पर सिमट गई थी. इंग्लैंड के लिए जोश टंग ने 05, गस एटकिंसन ने 02, और ब्रायडन कार्स और बेन स्टोक्स ने 1-1 विकेट लिए थे.