ENG W vs IND W: कैप्सी और नाइट के दम पर इंग्लैंड ने जीती सीरीज, तीसरे T20I में भारत को 6 विकेट से हराया
भारत ने सीरीज का पहला टी220 इंटरनेशनल मैच जीता था. लेकिन इसके बाद उसे लगातार दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा. मंगलवार को हुए सीरीज के आखिरी मैच में इंग्लैंड ने छह विकेट से जीत हासिल की.
Published On Jun 03, 2026, 07:30 AM IST
Last UpdatedJun 03, 2026, 07:30 AM IST
इंग्लैंड ने भारत को तीसरे टी20 इंटनेशनल मैच में हराया. (फोटो) इंग्लैंड क्रिकेट एक्स अकाउंट)
इंग्लैंड ने भारत को तीसरे और आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच में छह विकेट से हरा दिया है. इसके साथ ही उसने तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज में 2-1 से जीत हासिल कर ली है. 12 जून से शुरू हो रहे महिला टी20 वर्ल्ड कप से पहले यह दोनों टीमों का आखिरी प्रतिस्पर्धी मुकाबला था. और इसमें एलिस कैप्सी और हीदर नाइट की हाफ-सेंचुरी के दम पर मेजबान टीम ने भारत को शिकस्त दी. इंग्लैंड के सामने 181 रन का लक्ष्य था जिसे उसने 9 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया.
मंगलवार, 2 जून को टॉन्टन में खेले गए सीरीज के तीसरे और निर्णायक मैच में भारत ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के नाबाद 56 और यास्तिका भाटिया और दीप्ति शर्मा के 32-32 रन की मदद से 5 विकेट पर 180 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया. लेकिन कैप्सी के 43 गेंद पर 82 और नाइट के 42 गेंद पर नाबाद 70 रन की मदद से इंग्लैंड ने आसानी से मुकाबला अपने नाम कर लिया. यह टी20 इंटरनेशनल में इंग्लैंड का दूसरा सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल किया गया है.
कैप्सी 18वें ओवर में जब आउट हुईँ तो इंग्लैंड को जीत के लिए बस छह रन चाहिए थे. उन्हें अरुंधति रेड्डी ने शॉर्ट थर्ड मैन पर नंदिनी शर्मा के हाथों कैच करवाया. लेकिन तब तक मैच भारत की पकड़ से निकल चुका था. कैप्सी ने अपनी पारी में नौ चौके और तीन छक्के लगाए. इसके बाद हीदर नाइट ने दीप्ति शर्मा की गेंद पर चौका लगाकर इंग्लैंड को 4 विकेट पर 184 तक पहुंचाकर जीत दिलाई.
लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी. उसके तीन विकेट 38 रन पर गिर गए थे. लेकिन तीसरे विकेट के लिए 76 गेंद पर 137 की साझेदारी कर कैप्सी और नाइट ने इंग्लैंड को जीत दिलाई. इंग्लैंड को दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर पहला झटका लगा जब डैनी वॉट-हॉज (5) को क्रांति गौड़ ने बोल्ड किया. इसके बाद अगले ओवर की आखिरी गेंद पर रेड्डी ने सोफियां डंकली (16) को जैमिमा रोडरिग्स के हाथों कैच करवाकर भारत को दूसरी सफलता दिलाई. पावरप्ले के आखिरी ओवर में एमी जोंस (2) के रूप में गौड़ ने अपना दूसरा विकेट हासिल किया. लेकिन इसके बाद कैप्सी और नाइट की साझेदारी ने इंग्लैंड को कोई और झटका नहीं लगने दिया.
इससे पहले भारत ने हरमनप्रीत कौर की 40 गेंद पर 56 रन की नाबाद पारी खेली. यास्तिका भाटिया, दीप्ति शर्मा और रोडरिग्स ने भी उपयोगी योगदान दिया. हरमनप्रीत कौर जब बल्लेबाजी करने आईं तो भारत का स्कोर तीन विकेट पर 60 रन था. उन्होंने जैमिमा के साथ 40 और दीप्ति शर्मा के साथ 67 रन की पार्टनरशिप की.
संक्षिप्त स्कोर
इंग्लैंड 4 विकेट पर 184 (कैप्सी 82, नाइट 70*) ने भारत 5 विकेट पर 180 (हरमनप्रीत कौर 56*, दीप्ति 32, रोडरिग्स 29) को छह विकेट से हराया.