- क्रिकेट न्यूज़
- News
- England women vs india women 2nd odi i worked on how to vary pace after south africa series says spinner poonam yadav 4780783
19 महीनों बाद हाथ लगी सफलता, Poonam Yadav ने किया स्पीड में बदलाव
इंग्लैंड ने बुधवार को दूसरे वनडे में भारत को पांच विकेट से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त बनायी.
Published On Jul 01, 2021, 12:41 PM IST
Last UpdatedJul 01, 2021, 12:41 PM IST
England Women vs India Women, 2nd ODI: इंग्लैंड की महिला टीम ने 30 जून को टॉन्टन (The Cooper Associates County Ground, Taunton) में खेल गए दूसरे वनडे मैच में 5 विकेट से मात दी. इसी के साथ मेजबान टीम ने 3 मुकाबलों की सीरीज पर 2-0 से कब्जा जमा लिया है. पूनम यादव (Poonam Yadav) ने 63 रन देकर दो विकेट लिये. उन्होंने कप्तान हीथर नाइट (Heather Knight) और विकेटकीपर बल्लेबाज एमी जोन्स (Amy Ellen Jones) को आउट किया. नवंबर 2019 के बाद पूनम यादव को पहली बार सफलता मिली. भारतीय महिला टीम की सीनियर स्पिनर पूनम यादव ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछली सीरीज में नाकाम रहने के बाद उन्होंने अपनी गति में बदलाव करना सीखा जिससे उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में दो विकेट हासिल करने में मदद मिली.
इस साल के शुरू में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू श्रृंखला में उन्होंने चार मैच खेले लेकिन इनमें वह एक भी विकेट हासिल नहीं कर पायी थी. पूनम यादव ने मैच के बाद वर्चुअल संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘मैंने क्षेत्ररक्षण की सजावट और अपने रवैये में बदलाव किया. बल्लेबाज मेरी गेंदों को बैकफुट पर जाकर खेल रहे थे. ऐसे में गति और विकेट की प्रकृति मायने रखती है. मैंने अपनी गति में बदलाव करने पर काम किया और इन दो श्रृंखलाओं के बीच मेरे पास इसके लिये समय भी था.’’
पूनम ने कहा, ‘‘मैंने लंबे समय बाद विकेट लिया. किसी भी गेंदबाज के लिये यह मायने रखता है कि वह विकेट लेकर अपना योगदान दे और अपना स्पैल पूरा करे. मैंने आज अधिक रन खर्च किये. मैं बेहतर प्रदर्शन कर सकती थी.’’
भारतीय टीम मिताली राज के 59 और शेफाली वर्मा के 44 रन के बावजूद 221 रन पर आउट हो गयी. इंग्लैंड ने सोफी डंकली (नाबाद 73) और कैथरीन ब्रंट (नाबाद 33) के बीच छठे विकेट के लिये 92 रन की अटूट साझेदारी के दम पर जीत दर्ज की.
पूनम ने कहा, ‘‘हमने विकेट गंवाये लेकिन फिर भी अच्छा स्कोर बनाने में सफल रहे. हम उन्हें रोक सकते थे. हमारे गेंदबाजों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन उन पर पूरी तरह से अंकुश नहीं लगा पाये. इस बार हमारा क्षेत्ररक्षण भी अच्छा रहा.’’