EXCLUSIVE: महेश पिथिया को खुद को अश्विन का डुप्लीकेट कहलाना पसंद नहीं, टेस्ट खेलना सपना

बड़ौदा के लिए पिछले साल रणजी ट्रॉफी में डेब्यू करने वाले महेश पिथिया को ऑस्ट्रेलिया की टीम ने अपना नेट बॉलर बनाया है।

Edited By : Vanson Soral |Feb 06, 2023, 10:10 PM IST

Published On Feb 06, 2023, 10:10 PM IST

Last UpdatedFeb 06, 2023, 10:10 PM IST

CRICKET AUSTRALIA

ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट टीम इस समय भारत में हैं और 4 मैचों की बॉर्डर-गावस्कर सीरीज के लिए जमकर तैयारी कर रही है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 9 फरवरी से नागपुर में पहला टेस्ट मैच खेला जाना है। इस मुकाबले से पहले मेहमान टीम के बल्लेबाज भारतीय स्पिनरों से निपटने के लिए नेट्स पर जमकर पसीना बहा रहे हैं और इसमें उनकी मदद कर रहे हैं भारत के ही एक स्पिन गेंदबाज। ये गेंदबाज हैं महेश पिथिया जो ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को फिरकी गेंदों की तैयारी कराने में मदद कर रहे हैं।

बड़ौदा के लिए पिछले साल रणजी ट्रॉफी में डेब्यू करने वाले महेश पिथिया को ऑस्ट्रेलिया की टीम ने अपना नेट बॉलर बनाया है और इसके पीछे सबसे बड़ी वजह है इस गेंदबाज का आर अश्विन की तरह गेंदबाजी करना। दरअसल, महेश का बॉलिंग एक्शन अश्विन से काफी मिलता-जुलता है। अश्विन बॉर्डर-गावस्कर सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों के लिए मुश्किले पैदा कर सकते हैं और यही वजह है कि मेहमान टीम ने महेश पिथिया को अपने साथ जोड़ा है।

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

भारतीय क्रिकेट फैंस कुछ दिन पहले तक महेश पिथिया के नाम से अनजान थे लेकिन ऑस्ट्रेलिया टीम से जुड़ने के साथ ही ये युवा गेंदबाज रातों-रात मशहूर हो गया। महेश पिथिया की बॉलिंग के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं और हर कोई उन्हें अश्विन का डुप्लीकेट कह रहा है। हालांकि महेश पिथिया को खुद को अश्विन का डुप्लीकेट कहलाना पसंद नहीं हैं। महेश पिथिया ने एक छोटे गांव से निकलकर एक स्पिन गेंदबाज बनने और ऑस्ट्रेलियन टीम से जुड़ने तक की अपनी जर्नी के बारे में India.com/cricketcountry.com से खास बातचीत की।

महेश पिथिया ने कहा, “मैं सौराष्ट्र के जूनागढ़ जिले से हूं। मैं 2013-14 मैं बड़ौदा आ गया था क्रिकेट खेलने के लिए। मेरे पिता किसान हैं। मेरा बड़ा भाई गांव में क्रिकेट खेलता था। वो टेनिस बॉल से खेलते थे। मैं उस वक्त क्रिकेट नहीं खेलता था। तब मेरा भाई अकेला पड़ जाता था तो वो मुझे साथ लेकर चल देता था। इस तरह मैंने खेलना शुरु किया और मेरे भाई को लगा कि मैं अच्छा खेलता हूं। तो उसने मुझे आगे खेलने के लिए प्रेरित किया।”

क्रिकेट के लिए चाय की दुकान पर भी किया काम 

महेश से जब पहली बार आर अश्विन की गेंदबाजी देखने के बारें में सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, “साल 2013 में इंडिया-वेस्टइंडीज़ सीरीज था जो सचिन तेन्दुलकर का भी आखिरी सीरीज था। तब मैंने अश्विन को पहली बार खेलते हुए गांव में एक दुकान के टीवी पर देखा था। उस वक्त मेरे घर पर टीवी नहीं था। मैं फिर बड़ौदा आया तो यहां ग्राउंड में फीस वगैरह भरना होता था। इसके लिए मैंने एक चाय की दुकान पर काम भी किया ताकि मैं अपना रहने-खाने का खर्चा निकाल सकूं और क्रिकेट की फीस भर सकूं।”

 

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Mahesh Pithiya (@themaheshpithiya99_)

ऑस्ट्रेलियाई टीम से जुड़ने के बारे में पूछने पर महेश ने कहा, “मेरे एक दोस्त है जिनके साथ अभी में प्रैक्टिस करता हूं। वो साइड आर्म से थ्रो फेंकते हैं। उनका नाम है प्रीतेश जोशी हैं। उन्होंने मुझे बताया कि ऑस्ट्रेलिया टीम तुझे बुला रही है। अगर तू फ्री है तो चला जा। तो मैंने कहा ठीक है भाई, अभी कुछ है नहीं, तो जा सकते हैं।”

स्टीव स्मिथ जैसे ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ बल्लेबाजों के सामने गेंदबाजी करने पर महेश को काफी अच्छा लग रहा है। युवा गेंदबाज इस दौरान स्मिथ को एक-2 नहीं बल्कि 4-5 बार आउट करने में भी कामयाब रहे। महेश ने इसे कमाल का अनुभव करार देते हुए कहा, “अभी तो मैं बहुत से ऑस्ट्रेलियन बल्लेबाजों के लिए बॉलिंग कर चुका हूं। क्योंकि प्रैक्टिस के चार सेशन हो गए हैं। ये अनुभव मेरे लिए कमाल का रहा क्योंकि इतने बड़े बल्लेबाजों को बॉलिंग करने का मौका मिला। इस लेवल पर कभी बॉलिंग डाला नहीं था। इतने बड़े बैट्समैन के खिलाफ क्या प्रेशर रहता है? ये सब सीखने को मिला जिससे बहुत अच्छा लगा।”

स्मिथ और ख्वाजा से मिली तारीफ

ऑस्ट्रेलियन बल्लेबाजों को बॉलिंग करते हुए महेश को स्मिथ और उस्मान ख्वाजा जैसे धाकड़ खिलाड़ियों से तारीफ भी मिल चुकी है जिसके बारे में उन्होंने बताया, “जिस-जिस बल्लेबाज ने मेरी गेंदों को सामना किया, उन सभी ने मुझे कहा कि तुम बहुत अच्छा कर रहे हो। बहुत अच्छा बोल छूट रहा है। स्टीव स्मिथ ने खासकर मेरे गेंदबाजी की तारीफ की। पहले ही दिन जब मैंने स्टीव स्मिथ को गेंदबाजी की तो 4-5 बार उन्हें आउट कर दिया। फिर उन्होंने बोला कि तुम अच्छी गेंद कर रहे हो और वेरिएशन भी अच्छा है। उस्मान ख्वाजा ने भी मेरी गेंदबाजी में वेरिएशन की तारीफ की। ऑस्ट्रेलियन बल्लेबाजों ने मेरे से गेंदबाजी में कोई खास डिमांड नहीं की। बीच-बीच में वो ये बोलते थे कि नए बॉल से गेंद डालो या कभी पुराने बॉल से गेंद डालो। बाकी उनकी कोई खास डिमांड नहीं रही।”

अश्विन का डुप्लीकेट कहलाना नहीं पसंद

महेश इस समय अश्विन के डुप्लीकेट के नाम से हर जगह मशहूर हो रहे है लेकिन उनको ये नाम बिल्कुल भी रास नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा, “अश्विन से तुलना हो रही है, ये देखकर अच्छा लग रहा है लेकिन लोग मुझे अश्विन का डुप्लीकेट बोले रहे, जो मुझे बिल्कुल भी अच्छा नहीं लग रहा है क्योंकि जब से मैंने क्रिकेट खेलना शुरू किया तब से मैं ऐसे ही गेंदबाजी करता आ रहा हूं। तब शायद मैंने अश्विन को गेंदबाजी करते देखा भी नहीं था। ये मेरा स्वाभाविक एक्शन है। अभी दो दिन पहले तक कोई मुझे जानता नहीं था लेकिन अभी अचानक से इतने सारे लोग जानने लगे हैं। हर जगह मीडिया में, सोशल मीडिया पर, न्यूजपेपर में। सब जगह अपना नाम देखकर अच्छा लग रहा है।”

 

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Mahesh Pithiya (@themaheshpithiya99_)

महेश का बॉलिंग एक्शन अश्विन से काफी मिलता-जुलता है लेकिन गेंदबाजी कितनी समान है, इस पर बड़ौदा के फिरकी गेंदबाज ने कहा, “मैं भी देखता हूँ तो ऐसा लगता है कि हम दोनों का बॉलिंग एक्शन लगभग समान है। लेकिन बॉलिंग में तो फर्क है तभी वो इंडिया के लिए खेल रहे हैं और मैं रणजी खेल रहा हूं, लेकिन जब भी मुझे मौका मिलता है तो मैं सीखने की कोशिश करता हूँ। मेरी कोशिश होगी कि जब भी अश्विन से मिलना हुआ तो उनसे कुछ न कुछ सीख सकू।

अश्विन से मिलने को उत्साहित

महेश दिग्गज स्पिनर अश्विन से मिलना चाहते हैं और नागपुर में जल्द ही उनकी ये मुराद पूरी होने की उम्मीद है क्योंकि 9 फरवरी से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का आगाज होना है। अश्विन से मुलाकात को लेकर वह कितने उत्साहित हैं, इस सवाल के जवाब में युवा गेंदबाज ने कहा, “मैं अभी उनके सामने जाऊंगा तो पता नहीं कुछ बोल पाऊंगा या नहीं, क्योंकि उनसे मुलाकात करने का मौका मिलने में 10 साल लग गए। शायद 1-2 दिन में उनसे मुलाकात हो जाए।”

महेश ने स्पिन गेंदबाज बनने के बारें में बताया, “मुझे याद नहीं है लेकिन जब मैंने पहली बार बॉल पकड़ा होगा तो मैंने सीधा स्पिन बॉलिंग ही किया होगा। ऐसा नहीं था कि पहले बैटिंग कर रहा था और फिर प्रोफेशनल क्रिकेट में आया तो बॉलिंग करना लगा। मैं शुरुआत से ही स्पिन गेंदबाजी कर रहा हूं। मैं अपनी टीम के लिए बैटिंग भी करता हूं। बॉलिंग ऑलराउंडर हूं। अभी मैंने बंगाल के खिलाफ रणजी ट्रॉफी में पचास भी बनाया।”

 

 

View this post on Instagram

 

A post shared by cricket.com.au (@cricketcomau)

टेस्ट क्रिकेट खेलना सपना

महेश IPL में भी खेलने के इच्छुक हैं लेकिन उनका सबसे बड़ा सपना भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलना है। उन्होंने कहा, “इस बार मैं मुंबई इंडियंस के ट्रायल में गया था। मुंबई इन्डियन्स ने मुझे बुलाया था और वहां पर अच्छा परफॉर्म किया था, लेकिन अभी तक मुझे कोई कॉल नहीं आया। मुझे IPL का फॉर्म भी नहीं मिला था। मेरी पहली पसंद IPL में अश्विन की टीम में खेलने की होगी लेकिन ये संभव नहीं है क्योंकि जिस टीम में पहले से ही इतना बड़ा ऑफ स्पिन गेंदबाज हो तो उसमें मेरे खेलने का कोई मतलब नहीं होगा। लेकिन मैं IPL खेलना चाहता हूं फिर टीम चाहे कोई भी हो।”

उन्होंने आगे कहा, “मेरा IPL में खेलने का ऐसा कोई खास लक्ष्य नहीं है लेकिन मेरा सपना टीम इंडिया के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलना है। मैं अश्विन को अपना आदर्श मानता हूं और उन्हीं की तरह टेस्ट में गेंदबाजी करना चाहता हूं।”

Editor's Pick