×

वे बेहतरीन खिलाड़ी हैं, उनका अनुभव ... गौतम गंभीर ने की रोहित- कोहली की जमकर तारीफ, हर्षित राणा पर भी बोले

रोहित शर्मा और विराट कोहली को लेकर हेड कोच ने कहा, वे वही कर रहे हैं जो वे करते रहे हैं, वे भारतीय क्रिकेट के लिए इतने लंबे समय से ऐसा प्रदर्शन करते आ रहे हैं, उम्मीद है कि वे आगे भी इसी तरह का प्रदर्शन जारी रखेंगे.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - December 7, 2025 12:04 PM IST

Gautam Gambhir on Rohit Sharma and Virat Kohli: भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज पर 2-1 से कब्जा कर लिया है. इस सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली का बल्ला जमकर बोला. सीरीज के बाद भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने विराट कोहली और रोहित शर्मा की प्रशंसा करते हुए कहा कि इन दोनों सीनियर खिलाड़ियों का अनुभव टीम के लिए काफी मायने रखता है लेकिन इसके साथ ही युवा खिलाड़ियों का प्रदर्शन भी अविश्वसनीय रहा है.

कोहली ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ हाल में समाप्त हुई वनडे सीरीज में दो शतक और एक अर्धशतक लगाया जबकि रोहित में दो अर्धशतक जमाकर भारत को सीरीज में जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई.

दोनों इस प्रारूप के बेहतरीन खिलाड़ी हैं: गंभीर

गंभीर ने उम्मीद जताई कि दोनों दिग्गज खिलाड़ी इसी तरह का प्रदर्शन जारी रखेंगे. उन्होंने तीसरे और अंतिम वनडे में भारत की नौ विकेट से जीत के बाद पत्रकारों से कहा, वे बेहतरीन खिलाड़ी हैं, मैंने कई बार कहा है कि वे विश्वस्तरीय खिलाड़ी हैं, वे इस प्रारूप के बेहतरीन खिलाड़ी हैं और ड्रेसिंग रूम में उनका अनुभव वास्तव में बहुत मायने रखता है. उन्होंने कहा, वे वही कर रहे हैं जो वे करते रहे हैं, वे भारतीय क्रिकेट के लिए इतने लंबे समय से ऐसा प्रदर्शन करते आ रहे हैं, उम्मीद है कि वे आगे भी इसी तरह का प्रदर्शन जारी रखेंगे.

हर्षित राणा को लेकर क्या बोले गौतम गंभीर ?

सीनियर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज को रेस्ट दिए जाने तथा शुभमन गिल और हार्दिक पंड्या की चोट के कारण अनुपस्थिति ने भारत को कुछ युवा खिलाड़ियों के कौशल को परखने का मौका दिया गंभीर हर्षित राणा के गेंदबाजी ऑलराउंडर के रूप में उभरने से विशेष रूप से प्रसन्न थे. उन्होंने कहा, ‘हम हर्षित जैसे खिलाड़ी को इस तरह से तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं जो वास्तव में नंबर आठ पर बल्लेबाजी करते हुए अपना योगदान दे सके, हमें इसी तरह संतुलन बनाना होगा, क्योंकि दो साल बाद (2027 वनडे विश्व कप के लिए) साउथ अफ्रीका दौरे पर हमें तीन अच्छे तेज गेंदबाजों की भी ज़रूरत होगी, अगर वह एक गेंदबाजी ऑलराउंडर के रूप में खुद को स्थापित करता है तो यह हमारे लिए अच्छा होगा.

TRENDING NOW

गंभीर भी तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा के प्रदर्शन से प्रभावित दिखे. उन्होंने कहा, इस में अर्शदीप, प्रसिद्ध और हर्षित का प्रदर्शन अविश्वसनीय रहा, इन तीनों के पास विशेषकर 50 ओवर के प्रारूप में बहुत अनुभव नहीं है, उन्होंने मुश्किल से 15 से भी कम वनडे खेले हैं लेकिन उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया.