add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

जब भारत में ऐसा होता है... MCG पिच पर मचा बवाल, पीटरसन- कार्तिक ने कसा तंज, बेन स्टोक्स भी भड़के

इंग्लैंड के कप्तान ने कहा, ईमानदारी से कहूं तो, आप ऐसा नहीं चाहते, बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच, आप नहीं चाहते कि मैच दो दिन से भी कम समय में खत्म हो जाए, यह सही नहीं है.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - December 27, 2025 9:20 PM IST

MCG pitch fiasco: मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेला गया चौथा टेस्ट मैच दो दिन में ही समाप्त हो गया. इस मैच में पहले दिन 20 और दूसरे दिन 16 विकेट गिरे जिसके बाद पिच को आलोचना का सामना करना पड़ रहा है. इंग्लैंड के दिग्गज खिलाड़ी केविन पीटरसन और पूर्व भारतीय विकेटकीपर दिनेश कार्तिक ने तंज कसा है. इनके अलावा इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने भी इसे लेकर सवाल उठाए है.

केविन पीटरसन ने भारत का नाम लेकर निशाना साधा है.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

भारत को हमेशा कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ता है: पीटरसन

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान पीटरसन ने एक्स पर लिखा, भारत में जब टेस्ट मैच के पहले दिन कई विकेट गिरते हैं तो भारत को हमेशा कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ता है, इसलिए मुझे उम्मीद है कि ऑस्ट्रेलिया को भी उसी तरह की आलोचना का सामना करना पड़ेगा, न्याय सबके लिए समान होना चाहिए.

एमसीजी पिच पर 10 मिमी घास छोड़ने के फैसले से पिच से तेज गेंदबाजों को बहुत फायदा मिला जिससे बल्लेबाजी करना मुश्किल हो गया था, इंग्लैंड ने यह मैच चार विकेट से जीता. एशेज के पहले तीन मैच भी कुल मिलाकर 11 दिन तक चले, इस तरह से वर्तमान सीरीज में कुल 20 मैच दिनों में से केवल 13 दिन ही खेल हो पाया है. पर्थ में खेला गया पहला टेस्ट मैच भी दो दिन में समाप्त हो गया था.

एशेज में दो टेस्ट केवल दो दिन में खत्म हो गए: कार्तिक

पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने कहा, एमसीजी की पिच साधारण नजर आ रही है, यकीन नहीं होता कि चार एशेज टेस्ट में से दो टेस्ट केवल दो दिन में खत्म हो गए, इतनी चर्चा के बावजूद चार एशेज टेस्ट सिर्फ 13 दिन में पूरे हो गए.

पीटरसन और कार्तिक की टिप्पणियां इस संदर्भ में आई है कि जब उपमहाद्वीप में ऐसा होने पर भारतीय स्पिनरों और पिचों को अक्सर कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ता है. 2020-21 की सीरीज के दौरान अहमदाबाद में टर्निंग पिच पर भारतीय स्पिनरों का सामना करने में इंग्लैंड की विफलता पर विशेषज्ञों ने जमकर आलोचना की थी. इंग्लैंड की टीम ने तब चेन्नई में पहला टेस्ट जीता था, लेकिन अगले तीन टेस्ट मैचों में रविचंद्रन अश्विन और अक्षर पटेल के सामने उसकी बल्लेबाजी बुरी तरह फ्लॉप रही लेकिन एशेज में तेज गेंदबाजों के लिए अनुकूल पिचों को लेकर बहुत अधिक आक्रोश देखने को नहीं मिला है.

बेन स्टोक्स ने भी मेलबर्न की पिच की आलोचना की

इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने मेलबर्न की पिच की कड़ी आलोचना की, जो पूरी तरह से गेंदबाजों के लिए मददगार थी. उन्होंने कहा कि दुनिया में कहीं और ऐसी पिच होती तो उसकी जमकर आलोचना होती. स्टोक्स ने कहा कि यह पिच बॉक्सिंग डे टेस्ट के लिए सही नहीं थी, भले ही उनकी टीम ने यह मैच चार विकेट से जीत लिया हो.

मैच दो दिन से भी कम समय में खत्म हो जाए, यह सही नहीं है: स्टोक्स

मैच के बाद स्टोक्स ने मीडिया से कहा, ईमानदारी से कहूं तो, आप ऐसा नहीं चाहते, बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच, आप नहीं चाहते कि मैच दो दिन से भी कम समय में खत्म हो जाए, यह सही नहीं है, लेकिन एक बार जब मैच शुरू हो जाता है, तो आप इसे बदल नहीं सकते और आपको बस वही खेलना होता है जो आपके सामने है.

दुनिया में कहीं और इस तरह से विकेट गिरे होते तो आलोचना होती: स्टोक्स

इसके अलावा, स्टोक्स ने इशारा किया कि अगर दुनिया में कहीं और इस तरह से विकेट गिरे होते तो आलोचक तुरंत आलोचना करने लगते. उन्होंने आगे कहा, “लेकिन मुझे पूरा यकीन है कि अगर यह दुनिया में कहीं और होता, तो हंगामा मच जाता, यह उन मैचों के लिए सबसे अच्छी बात नहीं है जो पांच दिनों तक खेले जाने चाहिए. लेकिन हमने जिस तरह की क्रिकेट खेली, उससे हमारा काम हो गया.

खेल के साथ नाइंसाफी, पिच है या मजाक: वॉन

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने कहा, यह पिच है या मजाक, यह खेल के साथ नाइंसाफी है, खिलाड़ी और प्रसारक और सबसे महत्वपूर्ण प्रशंसकों के लिए 98 ओवरों में 26 विकेट गिरना अच्छी बात नहीं है.

टेस्ट मैच के डेढ़ दिन में स्पिनरों ने एक भी ओवर नहीं डाला: आकाश चोपड़ा

भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने कहा, टेस्ट मैच के डेढ़ दिन में स्पिनरों ने एक भी ओवर नहीं किया, जरा सोचिए अगर उपमहाद्वीप में इतने लंबे समय तक तेज गेंदबाज एक भी ओवर न करें तो क्या बवाल होगा.

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भी जताई चिंता

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टॉड ग्रीनबर्ग ने भी कहा कि कम अवधि वाले मैच टेस्ट क्रिकेट के भविष्य के लिए अच्छे नहीं हैं और सीए भविष्य में पिच की तैयारी में अधिक सक्रिय भूमिका निभाने पर विचार करेगा. उन्होंने कहा, ‘एक प्रशंसक के तौर पर इसे देखना रोमांचक, दिलचस्प और आनंददायक था, लेकिन हम निश्चित रूप से चाहते हैं कि टेस्ट मैच लंबी अवधि तक चलें, कल रात मुझे नींद नहीं आई.

ग्रीनबर्ग ने कहा, हमने शुरू से ही विकेट तैयार करने के मामलों में हस्तक्षेप न करने का दृष्टिकोण अपनाया है लेकिन जब आप खेल के व्यावसायिक पक्ष पर इसका प्रभाव देखते हैं तो पिच की तैयारी को पूरी तरह से नजरअंदाज करना मुश्किल हो जाता है.