- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Farhan Ahmed Becomes The Youngest Bowler To Take 10 Wickets In First Class Match In Britain Breaks WG Grace Record
Farhan Ahmed: 16 साल की उम्र में उंगलियों का जादू, 159 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त
फरहान अहमद ने कमाल की गेंदबाजी की और मैच में कुल 10 विकेट अपने नाम किए. वह काउंटी चैंपियनशिप में सबसे युवा गेंदबाज बन गए हैं जिन्होंने मैच में 10 विकेट लिए हों.
Published On Sep 02, 2024, 11:01 AM IST
Last UpdatedSep 02, 2024, 11:01 AM IST
Farhan Ahmed Breaks Record WG Grace
फरहान अहमद ने काउंटी क्रिकेट का 159 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है. इस ऑफ स्पिनर ने मैच में 10 विकेट लेकर कीर्तिमान बना दिया. वह काउंटी क्रिकेट में मैच में 10 विकेट लेने वाले सबसे युवा गेंदबाज बन गए हैं.
16 साल के इस ऑफ स्पिनर के परिवार में क्रिकेट खेला जाता है. उनके भाई रेहान अहमद इंग्लैंड के लिए खेलते हैं. और लेग स्पिन गेंदबाजी करते हैं. फरहान ने नॉटिंगमशर के लिए खेलते हुए सरे के खिलाफ डिविजन वन मैच में यह कीर्तिमान किया.
फरहान ने दूसरी पारी में 77 रन देकर तीन विकेट लिए. सरे ने तेजी से रन बनाने की कोशिश की. उसने पारी जल्दी घोषित की ताकि मैच का नतीजा निकल सके. मैच में फरहान ने 217 रन लेकर 10 विकेट अपने नाम किए. वह काउंटी चैंपियनशिप में मैच में 10 विकेट लेने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बन गए.
सरे ने अपनी दूसरी पारी 9 विकेट पर 177 रन पर घोषित की. नॉटिंगमशर को जीत के लिए 298 रन का लक्ष्य मिला. ओपनर बेन स्लेटर और हसीब हमीद ने हाफ सेंचुरियां लगाईं और मैच ड्रॉ रहा.
पहली पारी में उन्होंने 140 रन देकर सात विकेट लिए थे. सरे ने अपनी पहली पारी में 525 रन का बड़ा स्कोर बनाया था. अहमद ने ओपनर रोरी बर्न्स और भारतीय खिलाड़ी साई सुदर्शन को आउट किया. दोनों ने सेंचुरी लगाईं. वहीं बेन फोक्स पहली ही गेंद पर खाता खोले बिना आउट हो गए.
अपने इस प्रदर्शन से उन्होंने महान खिलाड़ी डब्ल्यू. जी. ग्रेस का कीर्तिमान तोड़ दिया. वह ब्रिटेन में फर्स्ट-क्लास मैच में 10 विकेट लेने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बन गए. ग्रेस ने जून 1865 में 16 साल 340 दिन की उम्र में जेंटलमैन ऑफ द साउथ के लिए खेलते हुए प्लेयर्स ऑफ द साउथ के खिलाफ ओवल में 84 रन देकर 13 विकेट लिए थे.
वहीं अहमद ने 16 साल 192 दिन की उम्र में 217 रन देकर 10 विकेट लिए. उन्होंने ग्रेस का कीर्तिमान 148 दिनों से तोड़ दिया. उन्होंने इस मैच में 76.4 ओवर भी फेंके. जो डेब्यू पर सबसे ज्यादा ओवर का कीर्तिमान भी हो सकता है.
इतना ही नहीं वह नॉटिंगमशर के लिए काउंटी डेब्यू करने वाले सबसे युवा क्रिकेटर भी बन गए. उन्होंने बिलाल शफायत का 16 साल 189 दिन का रिकॉर्ड तोड़ा.