- क्रिकेट न्यूज़
- News
- FIFA World Cup 2026 Colombia top Group K after Portugal stalemate
Fifa World Cup: पुर्तगाल के खिलाफ ड्रॉ के साथ ग्रुप में शीर्ष पर रहा कोलंबिया
मैच के आखिरी समय में डेविंसन सांचेज ने बेहतरीन हेडर से गोल दागा और कोलंबिया की टीम ने जश्न मनाना भी शुरू कर दिया, हालांकि, ऑफसाइड होने की वजह से यह गोल अमान्य करार दे दिया गया
Published On Jun 28, 2026, 12:15 PM IST
Last UpdatedJun 28, 2026, 12:15 PM IST
Colombia vs Portugal
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप के मुकाबले में पुर्तगाल और कोलंबिया के बीच खेला गया रोमांचक मैच गोलरहित ड्रॉ पर खत्म हुआ. मियामी स्टेडियम में इस नतीजे के साथ ही कोलंबिया ग्रुप के में पहले स्थान पर रहा.
क्रिस्टियानो रोनाल्डो की अगुवाई वाली पुर्तगाल ने दूसरे स्थान पर रहते हुए राउंड ऑफ 32 में प्रवेश किया. मैच में कोलंबिया ने शुरुआत से ही पुर्तगाल के डिफेंस पर दबाव बनाने का प्रयास किया. लुइस डियाज के शॉट पर जॉन कॉर्डोबा ने शानदार हेडर लगाया, लेकिन गेंद गोलपोस्ट के ऊपर से चली गई. जेम्स रोड्रिगेज ने शानदार पास देकर जॉन एरियास को गोल करने का बेहतरीन मौका दिया, पर पुर्तगाल के डिफेंस और गोलकीपर ने इसे रोक दिया.
कोलंबिया लगातार पुर्तगाल पर दबाव बनाता रहा और एक और अच्छा मौका बनाया, जेम्स रोड्रिगेज ने बॉक्स के पास थोड़ी जगह बनाई और फिर शानदार तरीके से जॉन एरियास को पास दिया, एरियास ने तेजी से दौड़कर शॉट मारा, जो गोल पोस्ट के नीचे की तरफ जाता हुआ दिख रहा था, लेकिन समय रहते हुए ही पुर्तगाल के खिलाड़ी रूबेन नेवेस बीच में आ गए और उन्होंने शानदार बचाव किया, पुर्तगाल ने भी जवाबी हमले किए. ब्रूनो फर्नांडिस को एक अच्छा मौका मिला, लेकिन कोलंबिया के गोलकीपर कैमिलो वर्गास ने बेहतरीन बचाव किया, इसके बाद जोआओ फेलिक्स ने भी शानदार शॉट लगाया, पर यह गोल में तब्दील नहीं हो सका.
दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने दिखाया आक्रामक खेल
पहले हाफ के बाद दोनों टीमों ने और ज्यादा आक्रामक खेल दिखाया, कोलंबिया ने कई मौके बनाए, लेकिन उन्हें गोल करने में सफलता नहीं मिली, सैंटियागो एरियास और रिचर्ड रियोस के शॉट्स गोल के बेहद करीब जाकर भी बाहर चले गए, गुस्तावो पुएर्ता ने भी दूर से एक मजबूत शॉट मारा, लेकिन वह क्रॉसबार के ऊपर से निकल गया.
मैच के आखिरी समय में डेविंसन सांचेज ने बेहतरीन हेडर से गोल दागा और कोलंबिया की टीम ने जश्न मनाना भी शुरू कर दिया, हालांकि, ऑफसाइड होने की वजह से यह गोल अमान्य करार दे दिया गया. दोनों टीमों ने इसके बाद भी लगातार गोल करने के प्रयास किए, लेकिन किसी भी टीम को कामयाबी नहीं मिल सकी और मुकाबला गोलरहित ड्रॉ पर खत्म हुआ.

क्रोएशिया से होगा पुर्तगाल का अगला मुकाबला
राउंड ऑफ 32 में पुर्तगाल की टीम शुक्रवार को टोरंटो में क्रोएशिया से भिड़ेगी, जबकि कोलंबिया की टीम शनिवार को कैनसस सिटी में घाना के खिलाफ मैदान में उतरेगी, यह कोलंबिया के लिए वर्ल्ड कप इतिहास का पहला गोलरहित ड्रॉ मुकाबला रहा,जो उनके 25वें मैच में आया.