FIFA WORLD CUP 2026 : स्वीडन को हराकर फ्रांस अंतिम-16 में पहुंचा, एमबाप्पे ने खतरे में डाला मेसी का रिकॉर्ड

फ्रांस ने स्वीडन को हराकर राउंड ऑफ 16 में जगह बना ली है. किलियन एमबाप्पे ने दो गोल दागे. इसके साथ ही एमबाप्पे के वर्ल्ड कप में गोलों की संख्या 18 हो गई है. और वह मेसी के बहुत करीब पहुंच गए हैं.

Edited By : Bharat Malhotra |Jul 01, 2026, 10:20 AM IST

Published On Jul 01, 2026, 10:20 AM IST

Last UpdatedJul 01, 2026, 10:20 AM IST

Kylian Mbappe (L) of France celebrates a goal during the round of 32 match between France and Sweden at the 2026 FIFA World Cup at the New York New Jersey Stadium, the United States, June 30, 2026. (Photo: Xinhua via IANS)

न्यू जर्सी: फ्रांस ने स्वीडन को 3-0 से हराकर फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 16 में जगह बना ली है. इस जीत में किलियन एमबाप्पे ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल दागे, जबकि ब्रैडली बारकोला ने भी एक गोल किया.

इसके साथ ही फ्रांस ने टूर्नामेंट में अपनी लगातार शानदार जीत का सिलसिला भी जारी रखा. विश्व कप के इतिहास में फ्रांस पहली ऐसी टीम बन गई है, जिसने लगातार पांच मैचों में कम से कम तीन-तीन गोल किए हैं.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

एमबाप्पे ने इस मुकाबले में दो गोल कर विश्व कप में अपने कुल गोलों की संख्या 18 पहुंचा दी. इसके साथ ही वह विश्व कप इतिहास के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. उन्होंने जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोज़े को पीछे छोड़ दिया है और अब उनसे आगे केवल लियोनेल मेसी हैं, जिनके नाम 19 गोल दर्ज हैं.

फ्रांस ने पहले हाफ में कई मौके बनाए, लेकिन स्वीडन की मजबूत रक्षापंक्ति के कारण गोल नहीं कर पा रहा था. आखिरकार एमबाप्पे ने शानदार फुटवर्क दिखाते हुए पेनल्टी बॉक्स के अंदर से बेहतरीन शॉट लगाया और टीम को बढ़त दिला दी.

दूसरे हाफ की शुरुआत में ही फ्रांस ने मैच पर पूरी तरह पकड़ मजबूत कर ली. माइकल ओलीसे ने शानदार पास देकर ब्रैडली बारकोला को मौका बनाया, जिसे उन्होंने गोल में बदल दिया. इसके कुछ देर बाद ओलीसे ने एक और बेहतरीन पास एमबाप्पे को दिया और फ्रांसीसी कप्तान ने बिना गलती किए अपना दूसरा गोल दाग दिया. यह विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों में एमबाप्पे का 10वां गोल भी रहा.

मैच के बाद फ्रांस के मैनेजर डिडिएर डेसचैम्प्स ने कहा, “हमें अपने प्रदर्शन पर गर्व है और यह जीत हमारे लिए बेहद खास है. राउंड ऑफ 32 के बाकी मुकाबलों से साफ हो गया था कि यहां कोई भी मैच आसान नहीं होता. पहले हाफ में हम अपने मौकों का बेहतर फायदा उठा सकते थे, लेकिन कुल मिलाकर टीम ने शानदार खेल दिखाया और जीत की हकदार रही.”

फ्रांस ने सातवीं बार विश्व कप के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई है. इससे पहले टीम 1986, 1998, 2006, 2014, 2018 और 2022 में भी इस दौर तक पहुंची थी. लगातार चौथी बार राउंड ऑफ 16 में पहुंचने के मामले में फ्रांस से आगे केवल ब्राजील है. अब 5 जुलाई को फिलाडेल्फिया में उसका सामना पराग्वे से होगा. फ्रांस लगातार तीसरी बार विश्व कप फाइनल में पहुंचने के इरादे से मैदान पर उतरेगा.

डेसचैम्प्स ने आगे कहा, “चार दिन बाद हमारा अगला मैच है और अब हमारा पूरा ध्यान उसी पर रहेगा. आज की जीत का आनंद जरूर लेंगे, लेकिन जरूरत से ज्यादा आगे नहीं सोचेंगे. पराग्वे दक्षिण अमेरिका की बेहद मजबूत और जुझारू टीम है. उसके पास कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और उसने यहां तक का सफर यूं ही तय नहीं किया है. इसलिए अगले मुकाबले के लिए भी हमें इसी एकाग्रता और संकल्प के साथ उतरना होगा.”

एजेंसी- आईएएनएस

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra

अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम को लीड कर रहे हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. ज्यादातर वक्त क्रिकेट पर लिखते, समीक्षा करते और समझते हुए बीता है. साल 2008 में IPL के साथ करियर की शुरुआत हुई. तब Iplnewsonline.com की शुरुआती टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद हिंदीलोक डॉट कॉम की जिम्मेदारी लंबे वक्त तक अकेले ही संभाली. फिर प्लानमैन मीडिया की TheSundayIndian.com की हिंदी वेबसाइट को लीड किया. भारत मल्होत्रा के सफर का अगला पड़ाव दैनिक जागरण की हेल्थ वेबसाइट ओन्ली माई हेल्थ रहा. यहां करीब ढाई साल तक हिंदी वेबसाइट की अगुआई की. इस दौरान साइट को नए सिरे से तैयार करना. इसके कॉन्टेंट और स्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर सुधार किया. नतीजा, उस दौरान यह हेल्थ के क्षेत्र में भारत की नंबर वन वेबसाइट बनी. यहां संपादकीय के साथ-साथ प्रॉडक्ट, तकनीक और सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में भी सहयोग दिया. फरवरी 2015 में भारत मल्होत्रा NBT.in से जुड़े. यहां 7 साल से अधिक समय तक स्पोर्टस टीम के लीड रहे. इस दौरान क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 और फीफा वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, कई IPL सीजन, ओलिंपिक 2016 और 2020, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों में टीम की अगुआई की.

Editor's Pick